बलरामपुर (हि.स.)। जनपद में विकासखंड तुलसीपुर के ग्राम परसपुर करौंदा के मजरे पुरवा बसंतपुर में चुनावी रंजिश के चलते नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान के परिजनों पर दूसरे पक्ष के लोगों ने जमकर ईंट पत्थर चलाये। एक पक्ष से महिला, बच्चों सहित नौ लोग घायल हो गए हैं। पुलिस घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर अग्रिम कार्यवाही में जुटी है। गांव में एहतियातन पुलिस तैनात है।
बसंतपुर ग्राम में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान कपिल देव वर्मा के घरों पर दूसरे पक्ष के हरभजन यादव व उनके परिजनों ने बुधवार की देर रात्रि जमकर ईट पत्थर बरसाए। जिसमें ग्राम प्रधान पक्ष के नानबाबू वर्मा, सुखदेव वर्मा तथा राजू वर्मा एवं उसके दो छोटे बच्चे पप्पू, बबलू, रंजीत वर्मा, कुलदीप वर्मा को चोटें आयी। वहीं, घर की दो महिलाएं सोनमती, रामरती भी चोटिल हो गईं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर में इलाज कराया गया। सुबह होते ही पुन: यादव गुट ने दूसरे पक्ष के लोगों के घरों पर ईट पत्थर बरसाए। सूचना मिलते ही पुलिस ने पहुंचकर कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया।
उप निरीक्षक राजकिशोर वर्मा ने बताया कि घटना में तीन लोग गम्भीर रूप से घायल हुए। जिनको समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। शेष मामूली रूप से चोटिल हुए हैं। दोबारा ईट पत्थर चलने पर गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है घायल पक्ष से तहरीर मांगी गई है तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
बलरामपुर : चुनावी रंजिश में जमकर चले पत्थर, नौ घायल
RELATED ARTICLES
