बलरामपुर में कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कैमरे चेक किए, पार्किंग स्थल देखा
रोहित गुप्ता
बलरामपुर। बलरामपुर के तुलसीपुर के देवी पाटन मंदिर में चल रहे चैत्र नवरात्रि के मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह संवेदनशील है। सुरक्षा व्यवस्था सहित सुविधाओं का जायजा लेने के लिए पुलिस अधीक्षक केशव कुमार देवी पाटन मंदिर पहुंचे और सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने मंदिर परिसर का जायजा लिया। उन्होंने मेला कंट्रोल रूम, पुलिस सहायता केंद्र, बैरियर और पार्किंग स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी समीक्षा की। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने कहा कि मंदिर और मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े इस बात का विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
संदिग्धों पर रखें पैनी नजर
उन्होंने कहा की मेले में आने वाले वाहनों पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए कि किसी भी तरह की अनहोनी घटना न घटने पाए। पुलिस अधीक्षक ने जनता से अपील करते हुए कहा कि मेले में किसी भी संदिग्ध सामान या व्यक्ति नजर आने पर सबसे पहले पुलिस को सूचना दे ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस अधीक्षक के साथ क्षेत्राधिकारी राधा रमण सिंह, थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
