बलरामपुर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को शक्तिपीठ देवीपाटन पहुंचकर विधि विधान से पूजापाठ की। इसके उपरांत पीठ के पीठाधीश्वर से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया और प्रदेश के विकास कार्यों पर चर्चा की।
उपमुख्यमंत्री ने 51 शक्तिपीठों में प्रमुख पीठ मंदिर देवीपाटन पहुंच मां पाटेश्वरी जी का पूजन किया। देश व प्रदेश के कल्याण की कामना की। उपमुख्यमंत्री ने मंदिर के पीठाधीश्वर मिथिलेश नाथ योगी से मुलाकात कर आशिर्वाद लिया। उपमुख्यमंत्री के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, विधायक कैलाश नाथ शुक्ला व अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं।
ब्रजेश पाठक विकास कार्यों की समीक्षा व स्थलीय निरीक्षण को लेकर बुधवार को बलरामपुर पहुंचे थे। बलरामपुर में निरीक्षण व कार्यकर्ताओं से मुलाकात के उपरांत देर शाम को गोंडा जाना था। बलरामपुर से गोंडा जाने के बजाए वह रात्रि में तुलसीपुर पहुंच गए।
उपमुख्यमंत्री के अचानक कार्यक्रम में फेरबदल होने से देर रात तक स्थानीय प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल रहा। उप मुख्यमंत्री ने तुलसीपुर चीनी मिल में रात में विश्राम किया। सुबह मां पाटेश्वरी जी का दर्शन पूजन कर लखनऊ के लिए रवाना हुए। तब जाकर प्रशासन ने राहत की सांस ली।
प्रभाकर
