बलरामपुर(हि.स.)। अज्ञात कार सवार बदमाशों ने इंडियन बैंक के बीसी पर हमला कर एक लाख 80 हजार रुपये लूट लिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गयी है। घटनास्थल क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
जनपद में तुलसीपुर थाना क्षेत्र के विलोहा ग्राम के पास इंडियन बैंक के बीसी धर्मेंद्र त्रिपाठी से अज्ञात कार सवार बदमाशों ने उन्हें रोककर रुपये का भरा बैग छीन लिया है। बैग में एक लाख 80 हजार रुपये थे। पीड़ित कर्मी धर्मेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि वह रोजाना की भांति आज बुधवार सुबह नगर तुलसीपुर से अपने बीसी प्वाइंट जानकीनगर गोदहना मोटरसाइकिल से जा रहा था। रास्ते में भी विलोहा ग्राम के निकट अज्ञात कार सवार बदमाशों ने रोक कर हाकी से हमला कर दिये। असलहा दिखाकर उनका रुपये से भरा बैग छीन ले गये।
पुलिस क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि पुलिस घटना की पड़ताल कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
प्रभाकर
