Sunday, April 12, 2026
Homeमनोरंजनबर्थडे स्पेशल मार्च: पहली ही फिल्म से रातों -रात मशहूर हो...

बर्थडे स्पेशल मार्च: पहली ही फिल्म से रातों -रात मशहूर हो गईं थी मधु

खूबसूरत अदाकारा मधु नब्बे की दशक की उन अभिनेत्रियों में से एक हैं, जिन्होंने रातों-रात शोहरत के आसमान को छुआ। 26 मार्च, 1969 को जन्मीं मधु का पूरा नाम नाम मधुबाला रघुनाथ है। उन्होंने ना केवल हिंदी फिल्मों में काम किया है, बल्कि तमिल, मलयालम, तेलुगू और कन्नड़ फिल्में भी की हैं। मधु बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी की भतीजी और जूही चावला की भाभी हैं।

मधु ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत एक तमिल फिल्म से की थी, लेकिन पहचान उन्हें साल 1991 में आई फिल्म फूल और कांटे से मिली । ‘फूल और कांटे’ मधु की बॉलीवुड डेब्यू थी। इस फिल्म में वह अभिनेता अजय देवगन के साथ लीड रोल में थी। इस फिल्म में मधु ही सुंदरता, भोलेपन और सादगी भरे अभिनय ने हर किसी का दिल जीत लिया। उनकी यह फिल्म हिट रही और मधु रातों रात शोहरत के आसमान पर पहुंच गईं। हर कोई मधु के साथ काम करना चाहता था । साल 1992 में आई फिल्म रोजा में मधु को फिल्ममेकर मणिरत्नम के साथ काम करने का मौका मिला। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता अरविन्द स्वामी लीड रोल में थे। इस फिल्म ने जहां नेशनल अवार्ड जीता, वहीं मधु ने एक बार फिर अपने अभिनय का लोहा मनवाते हुए दर्शकों के दिलों को जीता। इसके बाद मधु एक के बाद एक कई फिल्मों में नजर आईं। उनकी प्रमुख फिल्मों में पहचान, ऐलान, हम हैं बेमिसाल, यशवंत, मुलाकात, थलाइवी आदि शामिल हैं। इसके अलावा वह टेलीविजन जगत की कई धारावाहिकों में भी नजर आ चुकी हैं।

मधु की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने 19 फरवरी 1999 को उद्योगपति आनंद शाह से शादी कर ली। उनकी दो बेटियां अमेया और किया हैं। मधु अब फिल्मों में कम ही नजर आती हैं, लेकिन आज भी उनके चाहनेवालों की संख्या लाखों में हैं। मधु अभिनय जगत में अब भी सक्रिय हैं और जल्द ही तेलुगु फिल्म शकुंतलम में अभिनय करती नजर आएंगी।

सुरभि सिन्हा/कुसुम

RELATED ARTICLES

Most Popular