Friday, February 13, 2026
Homeमनोरंजनबर्थडे स्पेशल जून: अर्जुन कपूर ने बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर की थी करियर...

बर्थडे स्पेशल जून: अर्जुन कपूर ने बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर की थी करियर की शुरुआत

बॉलीवुड के ‘इश्कजादे’ अर्जुन कपूर अक्सर अपनी फिल्मों में ज्यादा अपनी लव लाइफ को लेकर चर्चा में रहते हैं। 26 जून, 1985 को जन्में अर्जुन कपूर फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वह मशहूर निर्माता-निर्देशक बोनी कपूर और उनकी पहली पत्नी एवं प्रोड्यूसर स्वर्गीय मोना कपूर के बेटे हैं। अर्जुन कपूर का बचपन काफी उलझनों में गुजरा। साल 1996 में वह जब 11 साल के थे तभी उनके माता-पिता का तलाक हो गया था। जिसके बाद अर्जुन कपूर की मां मोना कपूर ने अपने बेटे अर्जुन और बेटी अंशुला की परवरिश की। अर्जुन अपनी मां के बहुत करीब थे, लेकिन वह उस वक्त अकेले हो गए जब साल 2012 में उनकी मां का निधन हो गया। वह कैंसर से पीड़ित थी।

अर्जुन कपूर ने अपने करियर की शुरुआत साल 2003 में शाहरुख खान अभिनीत फिल्म ‘कल हो न हो’ से बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर की थी।यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट हुई थी। इसके बाद अर्जुन ने ‘सलाम-ए-इश्क’ में भी अस्सिटेंट डायरेक्टर थे। असिस्टेंट डायरेक्टर के बाद अर्जुन कपूर फिल्म ‘वांटेड’ और ‘नो एंट्री’ में असोसिएट प्रोड्यूसर भी थे। अर्जुन कपूर ने करियर की शुरुआत में फिल्मों में अभिनय करने के बारे में कभी नहीं सोचा था। क्योंकि उनका वजन काफी ज्यादा था।

सलमान खान के कहने और उनके मार्गदर्शन के बाद अर्जुन ने फिल्मों में अभिनय करने का मन बनाया। फिल्मों में आने से पहले सलमान खान ने अर्जुन कपूर के वजन कम करने में काफी मदद की। बतौर अभिनेता अर्जुन की यह पहली फिल्म ‘इश्कजादे’ थी। यह फिल्म साल 2012 में रिलीज हुई थी। हबीब फैजल निर्देशित इस फिल्म में अर्जुन कपूर के अपोजिट अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा नजर आईं। फिल्म में अर्जुन कपूर के शानदार अभिनय को देखते हुए उन्हें फिल्मफेयर के बेस्ट डेब्यू एक्टर अवार्ड के लिए नॉमिनेशन भी मिला। इसके बाद अर्जुन कई फिल्मों में बेहतरीन अभिनय करते नजर आए। उनकी प्रमुख फिल्मों में औरंगजेब, गुंडे, 2 स्टेट्स, तेवर, की एंड का, हाफ गर्लफ्रेंड, पानीपत आदि शामिल हैं।

फिल्मों में अभिनय के अलावा अर्जुन सोलहवें आइफा अवार्ड शो और फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी 7 को होस्ट करते नजर आए। अर्जुन कपूर ने फिल्म जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है। वह सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते हैं। सोशल मीडिया पर उनके फैन फॉलोइंग लाखों में हैं।

अर्जुन कपूर की निजी जिंदगी की बात करें तो वह अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा के साथ रिलेशनशिप में हैं और अक्सर इस वजह से वह चर्चा में भी रहते हैं।वर्कफ़्रंट की बात करें तो अर्जुन कपूर जल्द ही फिल्म ‘एक विलेन रिटर्न’, ‘कुत्ते’ और ‘द लेडी किलर’ में अभिनय करते नजर आएंगे।

सुरभि सिन्हा/कुसुम

RELATED ARTICLES

Most Popular