Sunday, April 12, 2026
Homeमनोरंजनबर्थडे स्पेशल जनवरी: 'दंगल गर्ल' फातिमा ने बतौर बाल कलाकार की थी...

बर्थडे स्पेशल जनवरी: ‘दंगल गर्ल’ फातिमा ने बतौर बाल कलाकार की थी करियर की शुरुआत

बॉलीवुड की ख़ूबसूरत अभिनेत्री फातिमा सना शेख का जन्म 11 जनवरी, 1992 को हैदराबाद में हुआ था।फिल्म इंडस्ट्री में आज अपनी खास पहचान बना चुकीं फातिमा ने बतौर बाल कलाकार साल 1997 में आई फिल्म ‘चाची 420’ से अपने करियर की शुरुआत की। इस फिल्म में फातिमा अभिनेता कमल हसन और तब्बू की बेटी की भूमिका में थी। इस फिल्म में उनके अभिनय को काफी सराहा गया। इसके बाद फातिमा साल 2001 में जूही चावला, शाहरुख खान और जैकी श्रॉफ की फिल्म ‘वन 2 का 4’ में जैकी श्रॉफ की बेटी के किरदार में नजर आईं। इसके बाद फातिमा फिल्म तहान,बिट्टू बॉस, आकाशवाणी आदि में नजर आईं,लेकिन ये फिल्में फातिमा को कोई खास पहचान नहीं दिला पाईं।

साल 2016 में फातिमा को नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित फिल्म ‘दंगल’ में आमिर खान के साथ अभिनय करने का मौका मिला। फातिमा इस फिल्म में वर्ष 2010 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली महिला पहलवान गीता फोगट के किरदार में नजर आईं थी। फिल्म में फातिमा के अभिनय को काफी पसंद किया गया और यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही। इस फिल्म के बाद फातिमा ‘दंगल गर्ल’ के नाम से मशहूर हो गई। इसके बाद फातिमा आमिर खान और अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म ‘ठग्स ऑफ हिन्दोस्तान’ में नजर आईं।

फिल्मों के अलावा फातिमा टेलीविजन पर प्रसारित होने वाले मशहूर धारावाहिक ‘अगले जन्म मोहे बिटिया ही कीजो’ और ‘लेडीज स्पेशल’ में भी आ चुकी हैं। फातिमा अभिनय के अलावा सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं। उनकी फैन फोलोइंग की संख्या लाखों में है। वहीं फातिमा के वर्कफ़्रंट की बात करें तो वह जल्द ही विक्की कौशल और सान्या मल्होत्रा के साथ फिल्म सैम बहादुर में लीड रोल में नजर आएंगी ।

सुरभि सिन्हा/कुसुम

RELATED ARTICLES

Most Popular