बरेली में बुधवार की देर रात दो पक्षों में विवाद के बाद बवाल हो गया। कोरोना कर्फ्यू के दौरान बानखाना गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अन्य हमलावर फरार हो गये। बवाल बढ़ने पर तीन थानों की पुलिस को बानखाना में तैनात किया गया है।
प्रेमनगर के बानख़ाना इलाके में दो माह पहले एक लड़की के साथ छेड़छाड़ हुई थी। इसका मुकदमा दो लोगों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया है।
बानखाना में फायरिंग और उपद्रव की सूचना मिलते ही प्रेमनगर इंस्पेक्टर पुलिस टीम के साथ पहुंच गये। भीड़ और हालात बेकाबू होने पर इज्जतनगर और बारादरी पुलिस को भी बुलाया गया। इसके बाद पुलिस ने सोनू पाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी प्रेमनगर थाना पुलिस की हिरासत में है। उसके व अज्ञात के खिलाफ बलवा जानलेवा हमला समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उसके अन्य साथी फरार हो गए हैं।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि शराब के नशे में एक युवक हंगामा कर रहा था। दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गये। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले को निपटा दिया है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी पुलिस की हिरासत में है ।
