Thursday, April 9, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबनारस में उज्ज्वला योजना के 14,707 परिवारों को आयुष्मान योजना का मिला...

बनारस में उज्ज्वला योजना के 14,707 परिवारों को आयुष्मान योजना का मिला लाभ

वाराणसी (हि.स.)। आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना कमजोर वर्ग के लोगों के लिए संजीवनी बन गई है। योजना में सामाजिक आर्थिक जनगणना (सेक) – 2011 के सर्वे के दौरान चिन्हित लाभार्थी परिवारों के अलावा अंत्योदय और श्रम कार्ड धारकों को भी शामिल किया गया है।

शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ संदीप चौधरी ने बताया कि शासन ने अब उज्ज्वला योजना के लाभार्थी परिवारों को भी आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने का निर्देश दिया है। शासन द्वारा चिन्हित जिले के लगभग 14 हजार उज्ज्वला योजना के लाभार्थी परिवारों को अब आयुष्मान भारत योजना का लाभ भी मिलेगा। शासन का निर्देश मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग इन परिवारों को योजना में शामिल करने व इनका कार्ड बनाने की प्रक्रिया में जुट गया है।

उन्होंने बताया कि जिले में उज्ज्वला योजना के 14,707 लाभार्थी परिवार है। केंद्र सरकार द्वारा हर साल प्रत्येक लाभार्थी परिवारों को पांच लाख रुपये तक के नि:शुल्क इलाज की सुविधा मुहैया कराने के लिए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और प्रदेश सरकार की ओर से मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान शुरू की गई है।

उन्होंने बताया कि जिले में अंत्योदय कार्ड धारकों और श्रम कार्ड धारकों को भी योजना में शामिल कर लिया गया है। अब उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को भी आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा जा रहा है। जिला कार्यान्वयन इकाई की डीपीसी डॉ पूजा जायसवाल ने बताया कि शासनादेश के अनुसार जनपद में योजना से जुड़े सूचीबद्ध समस्त सरकारी व निजी अस्पताल समेत जिले के सभी सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व कामन सर्विस सेंटर पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थी परिवारों का आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्ड बनाया जाएगा।

जिला सूचना प्रणाली प्रबन्धक नवेन्द्र सिंह ने बताया कि जिले में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जिले में 1,14,419 और मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के 19,817 लाभार्थी परिवार चिह्नित किए गए हैं। अब तक जिले में करीब 3.50 लाख लोगों के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं। योजना के तहत एक लाख से अधिक लाभार्थियों का निःशुल्क इलाज किया जा चुका है।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular