Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबनारस के काशी विश्वनाथ मंदिर में गर्भ गृह में प्रवेश पर रोक

बनारस के काशी विश्वनाथ मंदिर में गर्भ गृह में प्रवेश पर रोक


वाराणसी । कोविड के बढ़ते मामलों के बीच वाराणसी के प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदिर में गर्भ गृह में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। मंदिर प्रशासन ने कोविड को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया है। अब श्रद्धालु पूजा के लिए गर्भ गृह में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। ध्यान देने वाली बात है कि बाकी मंदिर परिसर खुला रहेगा, मंदिर नहीं बंद किया जा रहा है।
वहीं, चूंकि शहर में नाइट कर्फ्यू लगा हुआ है, ऐसे में श्रद्धालुओं को सुबह होने वाली ‘मंगला आरती’ में भी शामिल होने की अनुमति नहीं है।
शुक्रवार शाम को उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने वाराणसी में कोविड-19 के हालात की भी समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए थे, जिसके अगले दिन मंदिर की ओर से यह जानकारी आ रही है।
इससे पहले गुरुवार को ही वाराणसी के जिलाधिकारी ने गुरुवार की रात से 15 अप्रैल की रात तक रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लगाने की घोषणा की थी। इस कर्फ्यू के तहत जनसामान्य और उनकी गाड़ियों का आवागमन और जनसामान्य का घर से बाहर निकलना और सभी व्यापारिक व व्यवसायिक गतिविधियों को रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक प्रतिबंधित किया गया है।
हालांकि, इस कर्फ्यू से सुबह की दूध सप्लाई व सब्जी मंडी और रात में दवा की दुकानों को छूट दी गई है। अधिकारी ने बताया था कि चिकित्सा, नर्सिंग एवं पैरा मेडिकल संस्थानों को छोड़कर समस्त सरकारी, गैर सरकारी अथवा निजी विद्यालय, महाविद्यालय, शैक्षणिक संस्थान एवं कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular