Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेश बदला माहौल तो गीडा में लगने लगीं हैवी इंडस्ट्रीज

 बदला माहौल तो गीडा में लगने लगीं हैवी इंडस्ट्रीज

– रविवार को सीएम योगी करेंगे अंकुर उद्योग के इंटीग्रेटेड स्टील प्लांट का उद्घाटन

– 82 एकड़ में फैला है प्लांट, 550 करोड़ रुपये का है निवेश

गोरखपुर(हि.स.)। छह साल पहले तक गीडा में निवेश को आने से निवेशक कतराते थे, लेकिन अब माहौल बदला है। हैवी इंडस्ट्री लगने लगी हैं। रविवार को एक नई और अत्याधुनिक हैवी इंडस्ट्री का औपचारिक रूप से उद्घाटित होगा। प्रतिष्ठित उद्योग समूह मेसर्स अंकुर उद्योग लिमिटेड के इंटीग्रेटेड स्टील प्लांट का सीएम योगी आदित्यनाथ उद्घाटन करेंगे।

गीडा की ओर से एएल-2 सेक्टर 23 में आवंटित 82 एकड़ क्षेत्रफल में फैले और 550 करोड़ रुपये के निवेश वाले इस प्लांट में टीएमएक्स (थरमैक्स पॉवर्ड) सरिया का उत्पादन शुरू हो चुका है। इसमें 30 मेगावाट का कैप्टिव पॉवर प्लांट भी अंतर्निहित है। प्लांट के क्रियाशील होने से दो हजार लोगों को प्रत्यक्ष और पांच हजार लोगों को परोक्ष रोजगार मिला है। अंकुर उद्योग लिमिटेड ने इसके विस्तार के लिए 700 करोड़ रुपये के निवेश का एमओयू ग्लोबल भी इन्वेस्टर्स समिट में किया है।

यह है उत्पादन क्षमता

इंटीग्रेटेड स्टील प्लांट की उत्पादन क्षमता तीन लाख टन प्रति वर्ष की है। स्थापना 2020 में शुरू हुआ था। इसकी स्थापना में अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल हुआ है। देश के विभिन्न क्षेत्रों से कच्चा माल मंगाने के लिए फैक्ट्री परिसर में 700 मीटर की लंबाई में अनलोडिंग प्लेटफार्म भी बना है। यहां टीएमएक्स बार का उत्पादन हो रहा है जो टीएमटी का बेहतर रूप है।

कहते हैं चेयरमैन

अंकुर उद्योग समूह के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अशोक जालान का कहना है कि फैक्ट्री संचालन के लिए ऊर्जा की पूरी जरूरत यहीं के कैप्टिव पॉवर प्लांट से पूरी हो रही है। ऊर्जा उत्पादन का 65 फीसद हिस्सा फैक्ट्री के ही ”वेस्ट” से मिल रहा है। अल्ट्रा मॉडर्न स्टेट ऑफ आर्ट प्रौद्योगिकी से यहां टीएमएक्स रिबार्स का निर्माण हो रहा है। इंटीग्रेटेड स्टील प्लांट में स्पंज आयरन प्लांट की क्षमता 02 लाख 12 हजार 500 मीट्रिक टन प्रतिवर्ष, स्टील मेल्ट शॉप या इंडक्शन फर्नेस की क्षमता 03 लाख 300 मीट्रिक टन तथा सरिया रोलिंग मिल की क्षमता 02 लाख 91 हजार 300 मीट्रिक टन प्रतिवर्ष है।

गीडा में दिखेगी भारी उद्योगों की लंबी शृंखला: मुख्य कार्यपालक अधिकारी

गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पवन अग्रवाल का कहना है कि शासन की उद्योग नीतियों व पारदर्शी व्यवस्था से उद्यमियों को प्रोत्साहन मिला है। गैलेंट समूह का यहाँ स्टील प्लांट के सीमेंट प्लांट भी संचालित हैं। अब अंकुर उद्योग समूह ने इंटीग्रेटेड स्टील प्लांट का संचालन शुरू किया है। इस समूह ने जीआईएस में 700 करोड़ रुपये से उद्योग विस्तार का प्रस्ताव दिया है। जीआईएस में हैवी इंडस्ट्री के काफी प्रस्ताव मिले हैं। आने वाले समय में गीडा में भारी उद्योगों की लंबी शृंखला दिखेगी।

डा. आमोदकांत

RELATED ARTICLES

Most Popular