लूटी गई बाइक और अवैध असलहे बरामद
रोहित गुप्ता
बलरामपुर। जनपद की थाना देहात कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने एक मुठभेड़ में दो शातिर लुटरों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूटी गई मोटर साइकिल और अन्य अवैध असलहे बरामद किए हैं। एसपी ने लुटेरों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को दस हजार रुपए इनाम देने का ऐलान किया है।
बताया जा रहा है कि पिछले दिनों बैरही पुल के पास से मोटर साइकिल प्लेटिना लूटी गई थी, जिसकी तलाश और वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए देहात पुलिस टीम गश्त पर थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि 2 व्यक्ति मोटर साइकिल प्लेटिना और घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल के साथ हर्रैया के रास्ते नेपाल ले जाकर बाइक बेचने के प्रयास में जा रहे थे।
इस सूचना पर उप निरीक्षक ओम नारायण मिश्रा और उनकी टीम द्वारा कोड़री घाट पुल पर चेकिंग लगाई गई। जैसे ही दो व्यक्ति कोड़री पुल की तरफ आते दिखाई दिए पुलिस द्वारा रोकने पर अभियुक्तों द्वारा पुलिस को जान से मारने की नियत से तीन राउंड फायर किया गया, जिसमें से एक गोली जितेन्द्र कुमार की बुलेट प्रूफ जैकेट में लगी। आत्मरक्षा के लिए पुलिस द्वारा भी दो राउंड फायर किया गया।
मुठभेड़ में एक बदमाश को पकड़ लिया गया, जिसका नाम करन पांडेय है। गिरफ्तार अभियुक्त द्वारा भागे हुए बदमाश का नाम रितिक तिवारी उर्फ अभिनव तिवारी बताया गया। मौके पर लूटी गई मोटर साइकिल प्लेटिना और घटना में प्रयुक्त प्लसर मोटर साइकिल बरामद हुई है। दूसरे अभियुक्त अक्षत श्रीवास्तव को उसके घर नहर बालागंज से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त प्लसर मोटरसाइकिल, लूटी गई मोटर साइकिल प्लेटिना, 1 अदद तमंचा 315 बोर, 3 अदद खोखा कारतूस, 2 अदद 9 एमएम खोखा करातूस बरामद किया है। एसपी राजेश कुमार सक्सेना ने लुटेरों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को दस हजार रुपए नगद पुरस्कार देने का ऐलान किया है।
