Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबदमाशों ने चालक को बंधक बनाकर गुटखा से लदा पिकअप लूटा

बदमाशों ने चालक को बंधक बनाकर गुटखा से लदा पिकअप लूटा

– चालक को रायबरेली के पास फेंककर हुए फरार

उन्नाव (हि.स.)। जिले में सोमवार को बदमाशों ने गुटखा मसाला से लदे एक पिकअप को लूटकर चालक को रायबरेली के गुरबक्श गंज थाना क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए। लूट की घटना की जानकारी होने पर उन्नाव और रायबरेली पुलिस मौके पर पहुंची । जांच पड़ताल के दौरान मामला बार्डर सीमा से जुड़ा होने के चलते पुलिस एक दूसरे के क्षेत्र में घटना होने की बात कहकर उलझी रही। सूचना पर उन्नाव एसपी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की ।

बाराबंकी जनपद के दौलतपुर लोनी कटरा निवासी रामसहाय सोमवार की सुबह तीन बजे के आसपास राजश्री, कमला पसंद गुटखा मसाला पिकअप में लादकर चित्रकूट जा रहा था। मौरावां थाना क्षेत्र के अकोहरी गांव के पास पहुंचा ही था कि पीछे से एक स्विफ्ट डिजायर कार सवार लुटेरों ने ओवरटेक कर पिकअप को रोक लिया।

चालक रामसहाय को बंधक बनाकर गाड़ी में बैठाया और उसे गुरूबक्सगंज थाना क्षेत्र के पूरे लाल तिराहे के पास फेंककर फरार हो गए। किसी तरह चालक ने घटना की जानकारी डायल 112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रायबरेली के गुरूबक्सगंज इंस्पेक्टर इंद्रपाल सिंह सेंगर चालक को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। मामला मौरावां थाना क्षेत्र में होने के चलते इंस्पेक्टर ने उन्नाव के मौरावां पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची मौरावां थाना पुलिस जांच पड़ताल की तो दोनों जिलों की पुलिस एक दूसरे के यंहा घटनास्थल का हवाला देते हुए पांच घंटे तक उलझी रही।

इधर घटना की जानकारी उन्नाव पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ शंकर मीणा को हुई तो स्वाट टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पेट्रोल पंप के आसपास कर्मियों से पूछताछ की है। इस संबंध में सीओ पुरवा विक्रमाजीत सिंह ने बताया कि गुटखा से लदा पिकअप गायब है तलाश के लिए पुलिस टीमें लगी हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

आईजी लक्ष्मी सिंह ने बताया कि लूट की घटना के मामले में रायबरेली और उन्नाव जिले की पुलिस की चार टीमों को लगाया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा

दीपक

RELATED ARTICLES

Most Popular