Tuesday, March 17, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडलबढ़ते कोरोना संकट के बीच लखनऊ में शुरू हुआ 500 बिस्तरों वाला...

बढ़ते कोरोना संकट के बीच लखनऊ में शुरू हुआ 500 बिस्तरों वाला डीआरडीओ अस्पताल

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में कोरोना के बढ़ते केस के बीच अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन और दवाइयों की किल्लत अभी भी है। हालांकि, राज्य सरकार की ओर से बेड की कमी को दूर करने की कोशिश की जा रही है। इस क्रम में लखनऊ में डीआरडीओ द्वारा बनाए गए 500 बेड के अस्पताल की बुधवार से शुरूआत हो गई। अस्पताल में बुधवार से मरीज भर्ती किए जाने लगे हैं।
लखनऊ के शिल्पग्राम स्थित इस अस्पताल की देखभाल सेना और वायुसेना के चिकित्सक और चिकित्सा स्टाफ करेंगे।
जबकि प्रबंधन की जिम्मेदारी राज्य सरकार के अफसर संभालेंगे। अस्पताल में रजिस्ट्रेशन के माध्यम से आईसीयू और वेंटिलेटर वाले बेड्स मिलेंगे। यूपी सरकार ने 14 वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों की कमेटी गठित की है। प्रदेश भर के आला चिकित्सा अधिकारियों को कमेटी में शामिल किया गया है। लखनऊ के केजीएमयू, पीजीआई, लोहिया संस्थान, अटल चिकित्सा विश्वविद्यालय, मेदांता, बीएचयू, नोएडा एसएसपीएच, आईएमए प्रदेश अध्यक्ष, स्टेट सर्विलांस ऑफिसर, डीजी हेल्थ इस कमेटी में शामिल किए गए हैं।
निदेशक स्तर के चिकित्सा अधिकारी यूपी सरकार को कोरोना से निपटने की सलाह देंगे। कमेटी के सदस्य अन्य वरिष्ठ चिकित्सकों को भी साथ में शामिल कर सकते हैं। उच्च स्तरीय चिकित्सा अधिकारियों की कमेटी के रोकथाम और इलाज के उपायों को लागू कराया जाएगा।
इस बीच लखनऊ पुलिस ने बीते 24 घंटे के अंदर ऑक्सीजन सिलेंडर की ब्लैक मार्केटिंग करने वाले 10 लोगों को गिरफ्तार कर 225 सिलेंडर बरामद किए गए हैं। सबसे बड़ी बरामदगी जानकीपुरम इलाके से हुई है, जहां एक ही घर से 115 ऑक्सीजन सिलेंडर बरामद किए गए हैं। एक तरफ ऑक्सीजन की कमी तो दूसरी तरफ इसकी कालाबाजारी लोगों की मुश्किलों को बढ़ा रही है।
24 घंटे में लखनऊ पुलिस ने गुडंबा जानकीपुरम नाका गोमती नगर विस्तार इलाके से 225 सिलेंडर बरामद कर 10 मुनाफाखोरों को गिरफ्तार किया है। सबसे बड़ी बरामदगी बीती रात जानकीपुरम इलाके से पुलिस ने एक ही घर से 115 ऑक्सीजन सिलेंडर बरामद कर लिए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular