फिरोजाबाद (हि.स.)। देश में बढ़ती मंहगाई और प्रदेश में बढ़ते अपराध व जनसमस्याओं को लेकर सपाईयों ने टूण्डला विधानसभा में गुरूवार को पैदल मार्च निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। सपा नेताओं ने केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेवाजी की।
समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद अक्षय यादव के नेतृत्व में सपा नेता गुरूवार को टूण्डला विधानसभा पहुंचे। जहां सड़कों पर उतरकर उन्होंने देश में बढ़ती मंहगाई, किसानों की समस्या व किसानों की मौत के मामले को लेकर पैदल मार्च करते हुये जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सपा कार्यकर्ता हाथों में खाली सिलेण्ड़र व स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर नजर आये। सपाईयों ने राज्यपाल को सम्बोधित एक ज्ञापन भी तहसीलदार टूण्डला को सौंपा।
इस दौरान पूर्व सांसद अक्षय यादव ने मीड़िया से रूबरू होते हुये कहा कि फिरोजाबाद जनपद में डेंगू से लगातार मृत्युू हो रही है। बड़ी संख्या में बच्चे, नौजवानों की मौत हो चुकी है। जिस पर सरकार व स्वास्थ विभाग ध्यान नही दे रहा है। देश में पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की कीमत बहुत बढ़ गई है। इसके साथ ही किसानों के काले कानून वापस नहीं लिये जा रहे है। किसानों के ऊपर गाड़ी चढ़ाई जा रही है। ये जो जनहित की समस्यायें है उनको जनता तक पहुंचाना और सरकार को बदलने के लिये हम लोगों ने आज मार्च विधानसभा में निकाला है। जिससे लोगों को जागरूक किया जा सके।
पैदल मार्च के दौरान सपा एमएलसी डॉ दिलीप यादव, पूर्व विधायक राकेश बाबू, पूर्व जिपंअ प्रमोद कुमार, महाराज सिंह धनगर आदि सपा नेता मौजूद रहे।
