लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में उपचुनाव के बीच समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। पक्ष व विपक्ष की पार्टियों के नेता एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप के साथ ही सोशल मीडिया पर भी एक दूसरे पर कटाक्ष कर रहे हैं।
समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव व शिवपाल यादव की मुलाकात पर भाजपा द्वारा तंज कसे जाने पर सपा के मीडिया सेल ने भाजपा पर बड़े नेताओं को ठिकाने लगाने संबंधी ट्वीट किया। इसके जवाब में भाजपा की ओर से प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने ट्वीट किया कि ठिकाने लगाना, बड़ों से अपमानजनक व्यवहार करना व अशिष्टता समाजवादी पार्टी का डीएनए है। फिर चाहे वह पिता स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव हों या चाचा शिवपाल यादव रहे हों, सपा में सबको ठिकाने लगाया गया है। यह भाजपा की ताकत और डिम्पल यादव की हार का डर है कि चाचा को स्टार प्रचारक बना दिया गया है। भाजपा नेता मनीष शुक्ला ने सपा के मंच का वह वीडियो भी साझा किया है जिसमें यादव परिवार की खींचतान दिखाई दे रही है।
समाजवादी पार्टी का ट्वीट
समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल ने ट्वीट किया कि पहले आडवाणी को ठिकाने लगाया, फिर जशवंत सिंह, मुरली मनोहर जोशी, यशवंत सिन्हा, शत्रुध्न सिन्हा और कीर्ति आजाद जैसे अन्य नेता हैं। आगे सपा ने लिखा भाजपाई दूसरे दलों के आंतरिक मामलों में बड़बोलापन कर रहे हैं।
बृजनन्दन
