वाराणसी (हि.स.)। बड़ागांव थाना क्षेत्र के अनौरा हरहुआ में गुरूवार को एक अधेड़ महिला का सिर कूंचा शव अर्ध निर्मित दिवार के पास मिला। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची क्षेत्रीय पुलिस ने शिनाख्त,छानबीन के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से पुलिस ने खेत से खून लगा हुआ डंडा भी अपने कब्जे में ले लिया।
अनौरा गांव की मीना कुमारी चौहान (40) की शादी 20 वर्ष पूर्व जौनपुर मुरादगंज में हुई थी। 10 वर्ष पहले मीना के पति की मौत हो गई थी। मीना के पिता ने मायके अनौरा में उसे जमीन दी थी। जहां वह मकान बनवाकर रहती थी। मीना अपने ससुराल जौनपुर भी आती—जाती थी। मीना का पुत्र रामनगर में अपने बुआ के पास रहता है। बुधवार को मीना अपने ससुराल से मायके आई थी।
आज सुबह उसका रक्त रंजित शव घर से कुछ दूर खेत में मिला। ग्राम प्रधान दीपक चौहान ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मीना के सिर पर डंडे और वजनी वस्तु से प्रहार किया गया। शव को देखने में ऐसा ही प्रतीत हो रहा था। घटना का कारण संपत्ति विवाद मानकर पुलिस छानबीन कर रही है।
श्रीधर
