नई दिल्ली (हि.स.)। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि केंद्रीय बजट 2022-23 में किसानों की उपेक्षा हुई है।
टिकैत ने बुधवार को कहा कि पिछले साल की तुलना में इस वर्ष कृषि बजट में कटौती की गई है। किसान सम्मान निधि के आवंटन को बढ़ाना चाहिए था लेकिन ऐसी कोई घोषणा नहीं की गई। फसल बीमा योजना के लिए आवंटन कम किया गया है, फसलों की खरीद के लिए प्रधानमंत्री आशा स्कीम में आवंटन को घटाया गया है।
टिकैत ने कहा कि बीज, कीटनाशक, खरपतवार नाशी, ट्रैक्टर सहित कृषि यंत्रों, पशुओं और पोल्ट्री फीड आदि में जीएसटी की दरों में राहत दिया जाना चाहिए था लेकिन बजट भाषण में ऐसा कुछ भी नहीं कहा गया।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को संसद के दोनों सदनों में वित्त वर्ष 2022-23 के लिए बजट पेश किया। जिसका विपक्षी दलों सहित कुछ किसान संगठनों ने विरोध किया है।
आशुतोष
