राज्यपाल ने महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली एवं स्वयं सेवी संस्था ‘उम्मीद’ के साथ की बैठक
लखनऊ(हि.स.)। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन में महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय स्वयं सेवी संस्था ‘उम्मीद’ के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। राज्यपाल ने कहा कि शहरों के विभिन्न चौराहों पर प्रायः भिक्षावृति में संलिप्त बच्चे दिख जाते हैं। हमारा उद्देश्य होना चाहिए कि उन बच्चों को भिक्षावृत्ति से विमुख कर शिक्षा की ओर उन्मुख किया जाए।
उन्होंने कहा कि इस कार्य को सभी विश्वविद्यालय अपने बेस्ट प्रैक्टिसेज से जोड़ें। उन्होनें कहा कि इन बच्चों के माता-पिता को रोजगारपरक शिक्षा प्रदान की जाए, इन्हें राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं से भी लाभान्वित किया जाए। राज्यपाल ने कहा कि जब बच्चे शिक्षा की तरफ उन्मुख होते हैं तो उनमें स्वाभिमान का भाव पैदा होता है, उन्हें एक दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास होना चाहिए कि इन बच्चों व उनके परिजनों में यह विश्वास उत्पन्न करें कि हम उनके साथ हैं तथा उनके हित में कार्य कर रहे हैं।
उम्मीद संस्था के संस्थापक बलबीर सिंह मान ने बताया कि स्वयं सेवी संस्था “उम्मीद“ बच्चों में भिक्षावृत्ति उन्मूलन व उन्हें शिक्षा की ओर उन्मुखीकरण की दिशा में कार्य कर रही है। ऐसे बच्चों को प्राथमिक विद्यालयों में दाखिला, कम्प्यूटर शिक्षा, स्मार्ट क्लासेज की व्यवस्था कर उन्हें शिक्षित करने का प्रयास की दिशा में संस्था कार्यरत है। संस्था के प्रयास से महिलाओं के लिए वृद्धाश्रम भी बनवाए गए हैं। संस्था का मूल मंत्र भिक्षा से शिक्षा का अभियान है। इस संबंध में अब तक 500 बच्चों को भिक्षा मुक्त बनाया गया है तथा संबंधित बच्चों के माता-पिताओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाता है।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव राज्यपाल, डाॅ. सुधीर महादेव बोबडे, विशेष कार्याधिकारी शिक्षा, पंकज जानी, कुलपति, महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली, प्रो.के.पी.सिंह आदि मौजूद रहे।
उपेन्द्र/सियाराम
