भाजपा कार्यालय में विश्वकर्मा समाज का होली मिलन समारोह
वाराणसी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में बुधवार को विश्वकर्मा समाज के लोगों की जुटान हुई। समाज की ओर से आयोजित होली मिलन समारोह में भाजपा के जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत पर लोगों का आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा समाज के लोगों को एकजुट होकर राजनीतिक क्षेत्र में अधिक से अधिक भाग लेने की आवश्यकता है। समाज के लोग अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलायेंगे तभी समाज की दशा और दिशा बदलेगी। विशिष्ट अतिथि विश्वकर्मा समाज के मंडल अध्यक्ष हीरालाल विश्वकर्मा व ब्लाॅक प्रमुख पिंडरा धर्मेंद्र विश्वकर्मा ने समाज के संघर्ष और गौरवशाली इतिहास को बताया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। कार्यक्रम के अंत में एक दूसरे को अबीर गुलाल लगा गले मिल कर होली पर्व की बधाई दी गई। बैठक में राकेश विश्वकर्मा, रामाधार विश्वकर्मा, राजकुमार विश्वकर्मा, सेवालाल विश्वकर्मा, श्यामसुंदर विश्वकर्मा, अमरनाथ विश्वकर्मा, दीपक विश्वकर्मा आदि शामिल रहे।
श्रीधर
