कानपुर (हि.स.)। नौबस्ता थाना क्षेत्र में चोरों ने दिन दहाड़े बंद घर को निशाना बनाया। अंदर घुसे चोर लाखों के जेवरात व नकदी समेत कीमती सामान बटोर ले गए। घर लौटने पर परिवारीजनों को चोरी की घटना की जानकारी हुई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले तो तीन संदिग्धों की चोरी की घटना को अंजाम देते देखा गया। पुलिस ने संदिग्धों में एक की पहचान पड़ोसी के रूप में करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, कृष्ण कुमार तिवारी की पत्नी नीलम तिवारी धनवंतरी हॉस्पिटल में भर्ती है। जिनकी देखरेख के लिए कृष्ण कुमार अस्पताल गए हुए थे। उनका बेटा सुमित तिवारी कोरियर कंपनी डीटीडीसी के फ्रेंचाइजी होल्डर है और उसकी पत्नी इच्छा तिवारी अपने मायके गुमटी नंबर 5 गई हुई थी। घर पर ताला लगा हुआ था। इस बीच दिनदहाड़े चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया और अंदर घुस गए। अंदर अलमारी का ताला तोड़कर घर का सारा सामान, तीन लाख के जेवर और 60 हजार कैश पार कर फरार हो गए।
मायके गुमटी से जब बहू इच्छा तिवारी लौटी तो देखा कि घर के दरवाजे के ताले टूटे हुए हैं। ताला टूटा देख उसने परिवार के अन्य सदस्यों को जानकारी देते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी चेक कराएं तो पड़ोस में दुबे जी के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में तीन संदिग्धों की तस्वीरें कैमरे में कैद हुई है। संदिग्धों की जब पुलिस ने अपने सूत्रों से पहचान कराई तो पड़ोस का रहने वाला चोर बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी गई है।
महमूद/मोहित
