फिरोजाबाद (हि.स.)। थाना उत्तर क्षेत्र अन्तर्गत सोमवार को बंद कमरे में सोते समय हीटर से रजाई में आग लग गई। आग में जलकर रिटायर्ड शिक्षिका की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया गया है।
थाना उत्तर क्षेत्र के किशन नगर निवासी रामकली शर्मा के पति स्व. कैलाश चन्द्र की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। रामकली शर्मा रिटायर्ड शिक्षिका थी। पड़ोसी रामेश्वर सिंह के अनुसार उन पर कोई बच्चा नहीं था। वह अकेले ही मकान में रहती थी। उनके अनुसार अत्यधिक सर्दी होने के कारण रामकली अपने कमरे में हीटर लगाकर सोई हुई थी। सोते समय रात्रि में हीटर से इनकी रजाई में आग लग गई। कमरे से आग की लपटें उठती देख वह चीख-पुकार मचाने लगी। आस पास के लोग जब उन्हें बचाने पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद था। यह देख उन्होंने सूचना फायर बिग्रेड व पुलिस को दी। सूचना पर थाना पुलिस व फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची और ऊपर का दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
कौशल
