— आसमान में छाये हल्के बादल तेज धूप से दे रहें राहत
कानपुर (हि.स.)। दक्षिण पश्चिम मानसून 10 वर्ष बाद सितम्बर माह में इस कदर सक्रिय रहा कि लगभग हर दिन मौसम का मिजाज बदलता रहा। कभी तेज बारिश तो कभी तेज धूप का क्रम जारी रहा, लेकिन अब बंगाल की खाड़ी से उठी चक्रवाती हवाएं कमजोर पड़ने लगी है। इससे संभावना है कि एक सप्ताह में दक्षिण पश्चिम मानसून खत्म हो जाएगा, फिलहाल हल्की बारिश का क्रम दो दिन अभी स्थानीय स्तर पर बरकरार रहेगा।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शुक्रवार को बताया कि बंगाल की खाड़ी हल्के दबाव का क्षेत्र बना था और उठी चक्रवाती हवाओं को गुलाब नाम दिया गया था। करीब एक सप्ताह तक इसके सक्रिय रहने से देश भर में बारिश हुई, जिससे दक्षिण पश्चिम मानसून सक्रिय रहा। लेकिन अब हवाएं कमजोर पड़ने लगी हैं, जिससे एक सप्ताह बाद दक्षिण पश्चिम मानसून खत्म होने की संभावना बन गई है। फिलहाल अभी दो से चार दिन इन हवाओं का कानपुर के आसपास असर रहेगा और स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलती रहेंगी। इसी के तहत शुक्रवार को दिनभर आसमान में काले बादल छाये रहे और लोगों को तेज धूप से राहत मिलती रही।
बताया कि आज का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह की आर्द्रता अधिकतम 86 प्रतिशत और न्यूनतम सापेक्षिक आर्द्रता 74 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रहीं जिनकी रफ्तार 3.9 किमी प्रति घंटा रही।
