– पहले रेकी करते थे फिर डकैती डालते थे
गाजियाबाद (हि.स.)। नगर कोतवाली पुलिस ने डकैतों के एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जिसके सदस्य पहले रेकी करते थे और बाद में घटना को अंजाम देते थे। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के सभी सदस्य फेसबुक के जरिये पहले दोस्त बने और बाद में गिरोह बनाकर डकैती डालने का काम शुरू कर दिया। यह गिरोह दिल्ली और गाजियाबाद में ही अपना निशाना बनाता रहा है। पहली बार यह गिरोह पकड़ में आया है। बदमाशों के पास से निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिल, टीवीएस अपाचे, तीन तमंचे, दो चाकू और तीन मोबाइल बरामद हुए हैं।
नगर पुलिस अधीक्षक निपुण अग्रवाल ने रविवार को बताया कि यह गिरोह गाजियाबाद में एक बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए आया हुआ था, लेकिन उसी समय इनको पुलिस ने दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में गौरव सिंह निवासी कोटला मुबारकपुर दिल्ली, रोहित उर्फ सोनू निवासी बुलंदशहर, विराट निवासी कासगंज, संदीप निवासी जयपुर राजस्थान और विकास निवासी जारचा जिला गौतमबुद्ध नगर हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोग अलग-अलग जिले के रहने वाले हैं। उन लोगों की दोस्ती फेसबुक के माध्यम से एक दूसरे से हुई और हम सभी लोग दिल्ली व लोनी में एकत्र होते हैं। घटना को अंजाम देने से पहले दिन में मोटरसाइकिल से घटना करने के लिए रेकी करते हैं।
आरोपियों ने बताया कि हम सब लोग विजय नगर फ्लाईओवर कट पर इकट्ठा हुए थे। इस दौरान हमें पहले हाईवे से एक गाड़ी छीन लेनी थी। उसके बाद विजय नगर प्रताप विहार में एक बड़ी घटना को अंजाम देना था। आरोपियों ने यह भी बताया कि वे लोग ज्यादातर दिल्ली में ही घटना करते रहे हैं और आज तक पकड़े नहीं गए हैं।
