बलिया (हि. स.)। बलिया के भुइली जैसे गांव से निकले और किसान पिता के बेटे युवा लेखक अतुल कुमार राय ने मायानगरी मुंबई में बड़े बैनर की फिल्म ”शेरदिल” में संवाद लिखकर इतिहास रच दिया है। इस फ़िल्म में अतुल के लिखे संवाद पंकज त्रिपाठी जैसे मशहूर अभिनेता बोलते नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग गुरुवार को दार्जिलिंग में शुरू हुई।
अभिनेता पंकज त्रिपाठी, सयानी गुप्ता, गजराज राव, नीरज काबी, संजय मिश्रा, अभिषेक बनर्जी, विजेंद्र काला जैसे दिग्गज कलाकारों के अभिनय से सजी फ़िल्म ”शेरदिल” के संवाद जिले के बांसडीहरोड इलाके के भुइली गांव में पैदा हुए अतुल कुमार राय ने लिखे हैं। हालांकि, बॉलीवुड की किसी फिल्म में अतुल को संवाद लेखन का यह काम यूं ही नहीं मिला है। इसके लिए रिलायंस इंटरटेनमेंट और टी सीरीज ने उनसे लिखवा कर पहले लेखन-कौशल को परखा। इसके बाद ”शेरदिल” के लिए लिखने को कहा। बताया कि बतौर संवाद लेखक रिलायंस एंटरटेनमेंट और टी सीरीज की मेरी पहली फ़िल्म ”शेरदिल” की शूटिंग आज से शुरू हो गई है। बंगाली फ़िल्मों के दिग्गज निर्देशक श्रीजीत मुखर्जी के निर्देशन में यह फिल्म बन रही है।
—–
परिवार की जिम्मेदारियों ने पैदा की समझ
युवा लेखक अतुल कुमार राय किसान परिवार में पैदा हुए। अतुल की तीन बहनें हैं। पिता शत्रुघ्न राय विशुद्ध किसान हैं। पांच बीघा की खेती से परिवार चलाते हुए दिक्कतों का सामना करते पिता को देख अतुल ने काफी कम उम्र में समझ लिया था कि जल्दी ही आर्थिक उपार्जन करना चाहिए। दसवीं कक्षा में पढ़ने के दौरान ही अतुल पर परिवार की जिम्मेदारियों का कुछ भार अपने ऊपर ले लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में तबला बजाकर अतुल अपने परिवार का सहयोग करने लगे। बकौल अतुल, जिम्मेदारियों के बोझ ने ही मुझमें दुनियादारी की समझ विकसित की। शायद यही वजह है कि मैं उपन्यास और अब स्टोरी, स्क्रीनप्ले और संवाद लेखन की ओर अग्रसर हुआ।
बीएचयू से संगीत की शिक्षा ले चुके अतुल ने नेट भी क्वालीफाई किया है। हालांकि, पारिवारिक जिम्मेदारी के कारण पीएचडी को अधूरी छोड़कर अतुल ने मायानगरी मुंबई का रुख कर लिया। अतुल अपने को सौभाग्यशाली मानते हैं कि रिलायंस एंटरटेनमेंट और टी सीरीज जैसे बड़े बैनर की फिल्म से उनके बॉलीवुड कैरियर की शुरुआत हुई है। नए लोगों को जल्दी काम नहीं मिलता। बड़े बैनर युवा संवाद लेखक को तभी फिल्में देते हैं, जब वे सफल हो चुके होते हैं। कहा कि मुझे रिलायंस एंटरटेनमेंट और टी सीरिज ने संवाद लिख कर देने को कहा और यह एक तरह से मेरी परीक्षा थी। जब उन्हें लगा कि मैं लिख सकता हूं, तभी इस फिल्म के लिए लिखने को कहा गया।
सोशल मीडिया और ब्लॉग लिख कर बनाई पहचान
युवा लेखक अतुल कुमार राय ने बीएचयू से संगीत की शिक्षा लेने के दौरान ही सोशल मीडिया पर लिखना शुरू कर दिया था। धीरे-धीरे लोकप्रियता हासिल करते गए। बाद में ब्लॉग भी लिखने लगे। अतुल के आर्टिकल बड़े-बड़े अखबारों में छपते हैं। अतुल ने कहा कि मैं किसान परिवार से होने के कारण समस्याओं को करीब से देख चुका हूं। इसलिए गांव-गिरांव और सामान्य लोगों के बारे में लिख पाता हूं। उन्होंने कहा कि जल्द ही एक उपन्यास आने वाला है। कुछ और फिल्मों के संवाद लिखने को लेकर बात चल रही है।
