Thursday, April 9, 2026
Homeउत्तर प्रदेशफिरौती में वसूली गई सात लाख की रकम बरामद, दो गिरफ्तार

फिरौती में वसूली गई सात लाख की रकम बरामद, दो गिरफ्तार

बागपत(हि.स.)। जिले के बिनौली थाना क्षेत्र के बरनावा गांव में अपने अपहरण की झूठी घटना बनाकर परिजनों से लाखों की फिरौती वसूलने वाले आरोपित व उसके एक सहयोगी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर घटना का राजफाश किया। पुलिस ने फिरौती में वसूली गई सात लाख रुपए की रकम बरामद की। आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

बिनौली थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि बरनावा गांव के आसिम पुत्र शौकत ने सोमवार को अपने भाई सहित दो के खिलाफ अपहरण की झूठी घटना बनाकर फिरौती वसूलने का मुकदमा दर्ज कराया, जिसके बाद एसओजी टीम व थाना पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर उपरोक्त मामले में काम शुरू किया। बरनावा चेक पोस्ट पर चेकिंग के दौरान एक दिल्ली की नंबर प्लेट लगी सफेद रंग की आइ-20 कार को रुकवाया गया। कार में दो युवक सवार थे। चेकिंग के दौरान कार से सात लाख की नकदी बरामद हुई।

पूछताछ में एक युवक ने अपना नाम आकिल पुत्र शौकत व दूसरे ने साज पुत्र खेरंदेज निवासी बरनावा बताया। दोनों से सख्ती से पूछताछ करने पर अपहरण की झूठी घटना का राजफाश हुआ। आरोपित आकिल ने बताया कि पिछले माह हुए आइपीएल में बड़ा सट्टा खेला था, जिसमें एक बार जीतने के बाद हारता चला गया, जिससे उस पर लाखों का कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने को उसने अपने अपहरण की झूठी घटना बनाकर करीब साढ़े नौ लाख की फिरौती मांगी। फिरौती के सात लाख परिजन से लेकर उसका दोस्त साज दिल्ली गया। पुलिस ने दोनों के पास से फिरौती में वसूली गई रकम, मोबाइल व कार बरामद की है। पुलिस टीम ने दोनों आरोपितों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular