फिरोजाबाद (हि.स.)। शराब ठेका संचालक को छोड़ने की एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में मटसेना थाना पुलिस ने सर्विलांस प्रभारी समेत दो पुलिस कर्मी को गिरफ्तार किया है। मौके एक पुलिस कर्मी फरार है।
शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी निवासी देवेन्द्र कुमार का इसी थाना क्षेत्र के गांव नौशहरा में सरकारी शराब ठेका है। शनिवार को सर्विलांस प्रभारी ने दो सिपाहियों के साथ ठेके से मिलावटी शराब पकड़ी थी। पुलिस ने मौके से सेल्सेमैन प्रदीप कुमार व दीपक कुमार को गिरफ्तार किया था। इसके बाद सर्विलांस प्रभारी व दोनों सिपाहियों ने ठेका संचालक देवेन्द्र को उसके घर से पकड़ा।
आरोप है कि पुलिस टीम ने ठेका संचालक को छोड़ने के नाम पर उससे एक लाख रुपये की मांग की। ठेका संचालक ने अपने रिस्तेदार से एक लाख रुपये मंगाये। ठेका संचालक देवेन्द्र के अनुसार जिस गाड़ी से उसे पकडकर लाया गया। सर्विलांस प्रभारी विक्रांत तोमर व सिपाही लव कुमार उसके पास उसी गाड़ी में बैठे रहे और सिपाही आशीष शुक्ला को एक लाख रुपये दिये गये। इसके बाद ठेका संचालक को छोड़ दिया गया। जब किसी तरह इसकी जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार को हुई तो उन्होंने पीड़ित ठेका संचालक को बुलाकर मामले की जानकारी की।
मामला सही पाये जाने पर एसएसपी ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी सर्विलांस प्रभारी विक्रांत तोमर व सिपाही आशीष व लव कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत थाना मटसेना में रिपोर्ट दर्ज करायी। पुलिस ने तत्काल आरोपी दरोगा विक्रांत तोमर व सिपाही आशीष शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिन्हें रविवार को मेडीकल परीक्षण के बाद कोर्ट में पेश किया गया। इधर, तीसरे सिपाही लव कुमार की तलाश की जा रही है।
इस सम्बन्ध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार का कहना है कि यह मामला जब उनके संज्ञान में आया तो उन्होंने पीड़ित को बुलाकर पूछताछ की और उसकी तहरीर पर आरोपी सर्विलांस प्रभारी व सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। सर्विलांस प्रभारी व एक सिपाही को पकड़ लिया गया है। जो सिपाही फरार है उसकी तलाश की जा रही है।
