फिरोजाबाद (हि.स.)। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार को एक युवक का शव पड़ा मिला है। युवक की पीट-पीट कर हत्या की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाने के साथ ही कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।
थाना शिकोहाबाद के मोहल्ला खेड़ा निवासी रामगोपाल (45) पुत्र तुकमान सिंह का शव मंगलवार को लोगों ने घर के बाहर गली में खून से सना हुआ पड़ा देखा तो वह सन्न रह गये। मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर थाना प्रभारी शिकोहाबाद प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये जिला अस्पताल भिजवाया है। परिजनों के अनुसार रामगोपाल घर के बाहर सो रहा था, तभी उसकी लाठी डंडा से पीटकर बेरहमी से हत्या की गई है। मृतक की चारपाई को भी आग के हवाले किया गया है। मृतक हलवाई था।
इस संबंध में सीओ शिकोहाबाद कमलेश कुमार ने बताया कि एक युवक का शव मिला है। युवक की पीट-पीट कर हत्या की गई है। इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत ले लिया गया और उनसे पूछताछ की जा रही है। तहरीर प्राप्त कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कौशल
