Tuesday, March 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशफिरोजाबाद में वारंटी पूर्व प्रधान को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला,...

फिरोजाबाद में वारंटी पूर्व प्रधान को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, दरोगा व सिपाही घायल

फिरोजाबाद (हि.स)। थाना टूंडला क्षेत्र अन्तर्गत बुधवार को वारंटी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया। पथराव होने से एक दरोगा व एक सिपाही घायल हो गये। आरोपी भाग गया। इस मामले में पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही कर रही है। 
टूंडला थाना क्षेत्र के गांव भक्ति गढ़ी निवासी पूर्व प्रधान बनवारी लाल बघेल के वारंट थे। बुधवार को टूंडला पुलिस पूर्व प्रधान को गिरफ्तार करने के लिए उसके गांव पहुंची थी। आरोप है कि जैसे ही पुलिस पूर्व प्रधान को पकड़कर ले जाने लगी तभी उसके परिजनों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। परिजन पथराव करते हुए पूर्व प्रधान को पुलिस से छुड़ाकर ले गए। 
आरोपी पूर्व प्रधान मौका पाकर भाग गया। पथराव होने से अफरा-तफरी मच गई। पथराव के दौरान पत्थर लगने से कांस्टेबल पवन व दरोगा आंनद घायल हो गये। सूचना मिलते ही सीओ देवेन्द्र कुमार समेत काफी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है। 
इस मामले में एसपी सिटी मुकेश कुमार मिश्र ने बताया कि टूंडला के गांव भक्ति गढ़ी में पुलिस वारंटी को पकड़ने गई थी, तभी उसके परिजनों ने पुलिस पर हमला कर दिया और वारंटी को छुड़ाकर ले गए। इसमें एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है। इस हमले में एक-दो सिपाही को चोट आई है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular