फिरोजाबाद (हि.स.)। थाना सिरसागंज क्षेत्र अन्तर्गत रविवार सुबह मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक युवक का आज शाम को लग्नोत्सव का कार्यक्रम था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और मामले की जांच में जुट गई है।
थाना सिरसागंज क्षेत्र के ग्राम रामकुंआ निवासी पवन कुमार (25) पुत्र दिवाकर सिंह हाल में अरांव रोड सिरसागंज पर रहता था। रविवार तड़के वह अपनी आढ़त पर मोटरसाइकिल से जा रहा था। तभी पीछे से आए मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उसे गोली मार दी। गोली लगते ही युवक मोटरसाइकिल से गिर गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में घायल पवन को उपचार के लिये अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना पुलिस के साथ एसएसपी अशोक कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है।
इस सम्बंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि पवन कुमार एक लड़का है जो आढ़त करता है सब्जी की उसका आज ही लग्न टीका का कार्यक्रम था। सुबह सब्जी लेने जा रहा था, तभी पीछे से आए दो लड़कों ने उसे गोली मार दी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सीसीटीवी फुटेज निकलवाये जा रहे है। प्रथम दृष्टया जो संदेह है वो इस शादी को लेकर ही दिक्कत लग रही है। घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जायेगा।
फिरोजाबाद में लगन से पूर्व युवक की गोली मारकर हत्या
RELATED ARTICLES
