फिरोजाबाद |डेंगू और वायरल बुखार मासूम बच्चों पर कहर बरपा रहा है। 24 घंटे में छह और बच्चों की मौत हो गई। अब जिले में मौत का आंकड़ा 56 पार कर गया है। इधर, देहात क्षेत्रों में वायरल बुखार फैलने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम दौड़ती नजर आईं। कैंप लगाकर दवाओं का वितरण किया गया।
सौ शैय्या अस्पताल में 185 बच्चे भर्ती हैं। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मरीजों की बढ़ती संख्या को देख संसाधन जुटाना शुरू कर दिए हैं। मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को भी आपाधापी की स्थिति रही। कानपुर और आगरा से मेडिकल कॉलेज में बाल रोग चिकित्सक बुलाए गए हैं।
मेडिकल कॉलेज का सौ शैय्या वार्ड लगभग फुल है। करीब 40 से अधिक बच्चों को छुट्टी दी गई, लेकिन मंगलवार को 50 से अधिक नए पीड़ित बच्चों को भर्ती किया गया। तेज बुखार और बेहोशी की हालत में परिजन बच्चों को भर्ती कराने के लिए पहुंचे। मरीजों की भीड़ अधिक होने के कारण काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। पिछले दस दिनों में अबतक 56 मरीजों की मौत होने से स्वास्थ्य विभाग में भी खलबली मची है।
