Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशफिरोजाबाद : पहले व दूसरे चरण में गठबंधन ने शतक मार लिया...

फिरोजाबाद : पहले व दूसरे चरण में गठबंधन ने शतक मार लिया – अखिलेश यादव

फिरोजाबाद (हि.स.)। फिरोजाबाद में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने दावा किया कि पहले व दूसरे चरण में गठबंधन ने शतक मार लिया है। चौथे चरण तक सपा की सरकार बन जाएगी और सातवें चरण तक भाजपा के बूथों पर सन्नाटा हो जायेगा उन्हें बूथों पर कोई दिखाई नहीं देगा। भाजपा की सरकार में अन्यया, भेदभाव हुआ है सपा सरकार बनने पर सभी को सम्मान दिया जायेगा।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को फिरोजाबाद में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करने पहुंचे थे। उन्होंने भाजपा सरकार पर जुबानी हमला करते हुए कहा कि भाजपा के लोग रेलगाड़ी बेच रहे हैं। रेलवे की जमीन बेची जा रही है। हवाई जहाज बेच दिया है। एयरपोर्ट बेच दिया है। पानी का जहाज बेच दिया। बंदरगाह बेच दिया।

कहा कि भाजपा कि नेताओं से ज्यादा कोई झूठ नहीं बोल सकता भाजपा के बड़े नेता बड़ा झूठ बोलते हैं, छोटे नेता छोटा झूठ बोलते हैं और सबसे बड़े नेता सबसे बड़ा झूठ बोलते हैं। उन्होंने कहा था कि हवाई चप्पल पहनने वाला हवाई जहाज पर चलेगा, लेकिन उन्होंने तो हवाई अड्डा ही बेच दिया। उत्तर प्रदेश को बचाना है। भाजपा सरकार में अन्याय हुआ है। भाईचारे के खिलाफ भाजपा काम कर रही है।

भाजपा सरकार तीन काले कानून लेकर आयी। जिन्हें वापस कराने के लिए कई किसानों की जाने चली गई लेकिन सरकार ने ये कानून वापस नहीं लिये लेकिन उत्तर प्रदेश का चुनाव आते ही उन्होंने उन कानूनों को वापस ले लिया। भाजपा को किसान माफ नहीं करेंगे। भाजपा ने पिछड़े और अति पिछड़ों दलितों का अपमान किया है। इस चुनाव में सम्मान बचाना है। कहा कि, सपा सरकार आते ही जातिगत जनगणना कराएंगे। 300 यूनिट बिजली फ्री देंगे। किसानों को लोन फ्री रहेंगे। आलू के लिए विशेष पैकेज देकर किसानों की मदद देनी होगी तो वह भी सपा सरकार कार्य करेगी।

उन्होंने कहा कि जो लोग बैंकों का पैसा लेकर भाग रहे हैं, सोचो वह कहां के लोग हैं। उत्तर प्रदेश को बचाइए। फिरोजाबाद की पांचों सीटों पर सपा उम्मीदवारों को जिताने की अपील की। जनसभा के दौरान टूंडला विधानसभा में आरएलडी नेता जयंत चौधरी भी सपा अध्यक्ष के साथ मौजूद रहें।

कौशल

RELATED ARTICLES

Most Popular