फिरोजाबाद (हि.स.)। थाना मक्खनपुर क्षेत्र अन्तर्गत ननिहाल में रह रहा एक मासूम बालक मंगलवार को मृत अवस्था में मिला है। मृतक बालक के ननिहाल पक्ष ने पिता पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जनपद आगरा के एत्माउदौला निवासी संजय का पुत्र डेविड थाना मक्खनपुर क्षेत्र के गांव साती स्थित अपनी ननिहाल में रह रहा था। मंगलवार को डेविड की मौत हो गई। उसका शव मृत अवस्था मे चारपाई पर मिलने से ननिहाल पक्ष के लोगों में कोहराम मच गया। मृतक के नाना लक्ष्मी शंकर ने बताया कि रात को उनके घर डेविड का पिता संजय आया था और खाना खाने के बाद सो गया। वह मंगलवार की अल सुबह घर जाने की कहकर चला गया।
संजय के जाने के काफी समय बाद भी जब डेविड नही उठा तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने जब डेविड को जगाने का प्रयास किया तो वह मृत अवस्था में था। यह देख परिजन सन्न रह गये। चीख पुकार मचने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर थानाध्यक्ष महेश सिंह व क्षेत्राधिकारी हीरालाल कनौजिया मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए परिजनों से घटना की जानकारी ली। मृतक बालक के नाना लक्ष्मी नारायण ने बच्चे के पिता संजय पर ही हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि संजय अक्सर उनकी पुत्री से लड़ता-झगड़ता रहता था वह कहता था कि डेविड उसका नहीं है। इसी शक के चलते वह डेविड की हत्या करना चाहता था। सोमवार की रात वह घर आया और सुबह बच्चे की हत्या कर चला गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस सम्बंध में थानाध्यक्ष महेश सिंह ने बताया कि डेविड की हत्या का आरोप उसके नानिहाल पक्ष के लोगों ने उसके पिता संजय पर लगाते हुए तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले की जांच कर कार्यवाही की जायेगी।
कौशल
