फिरोजाबाद (हि.स.)। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जनपद में डेंगू के प्रकोप से ग्रस्त मरीजों व उनके तीमारदारों के लिए मंगलवार को स्वशासकीय राजकीय मेडिकल कालेज के सौ सैया अस्पताल के पास निशुल्क रसोई लगवाई गई है। इसके साथ ही निशुल्क एम्बुलेंस सुबिधा भी शुरू की है।
इस मौके पर जिले के प्रभारी और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव प्रकाश प्रधान तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव मुनेंद्र पाल सिंह राजपूत ने बताया के जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संदीप द्वारा द्वारा राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के निर्देश पर निशुल्क रसोई लगाई गई है। इस रसोई में दोपहर तथा शाम के भोजन की व्यवस्था निशुल्क होगी।
इसके अलावा डेंगू ग्रस्त लोगों के लिए निशुल्क एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की गई है और उसके साथ दो हेल्पलाइन नम्बर 9927456400, 9837220337 भी जारी किए गए हैं जो भी इन हेल्पलाइन नम्बरों पर फोन करेगा एंबुलेंस डेंगू ग्रस्त मरीज को लेकर अस्पताल पहुंचाएगी तथा डेंगू ग्रस्त का इलाज होने के बाद उसे उसके घर तक छोड़ेगी।
जिलाध्यक्ष संदीप तिवारी ने बताया कि जो लोग डेंगू के कारण अपने परिजनों को खो चुके हैं जिला कांग्रेस कमेटी का प्रत्येक कार्यकर्ता उन शोकाकुल परिवार से मिलकर अपनी शोक संवेदना प्रकट करने के लिए उनके घर घर जा रहा है। इसके साथ ही कमिश्नर को फिरोजाबाद जिले की पुंग स्वस्थ सेवाओं को दुरुस्त करने के लिए ज्ञापन दिया गया है।
इस मौके पर जिला प्रवक्ता मनोज भटेले, जिला उपाध्यक्ष कमलेश जैन, जिला महासचिव दुष्यंत धनगर, ब्लॉक अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह जुरैल, शिकोहाबाद नगर अध्यक्ष मुकेश गॉड, अनिल कुमार आदि लोग उपस्थित थे।
