Tuesday, March 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशफिरोजाबाद: गोली मारकर किसान की हत्या, पत्नी भी घायल

फिरोजाबाद: गोली मारकर किसान की हत्या, पत्नी भी घायल

फिरोजाबाद (हि.स.)। थाना सिरसागंज क्षेत्र अन्तर्गत शनिवार को एक किसान की हत्या कर दी गई। उसकी पत्नी को भी गोली के छर्रे लगे हैं। इस मामले में दो लोगों पर गोली मारकर हत्या का आरोप है। एसएसपी सहित आलाधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

थाना सिरसागंज क्षेत्र के गांव तिलियानी निवासी किसान राम कुमेश (55) पुत्र जयलाल शनिवार सुबह अपने खेत पर जा रहे थे। बताया जाता है कि तभी उन पर फायरिंग कर दी गई। गोली लगने से रामकुमेश की मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान उनकी पत्नी को भी छर्रे लग गये। रामकुमेश की हत्या का आरोप दो लोगों पर है।

ग्रामीणों ने बताया कि गुरुवार रात रामकुमेश के भतीजे कृष्णा को पड़ोसी दीपा के पालतू कुत्ते ने काट लिया था। उसके बाद दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। तब किसी तरह लोगों ने मामला शांत करा दिया। इसके बाद शनिवार की सुबह राम कुमेश की हत्या कर दी गई। मृतक को तीन गोली लगना बताया गया है। हत्या की वारदात से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार, एसपी ग्रामीण अखिलेश नारायण समेत काफी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के परिजन व ग्रामीणों से घटना के बारे में पूछताछ की।

RELATED ARTICLES

Most Popular