Tuesday, March 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशफिरोजाबाद : आकाशीय बिजली गिरने से तीन किसानों की मौत

फिरोजाबाद : आकाशीय बिजली गिरने से तीन किसानों की मौत

फिरोजाबाद । शिकोहाबाद क्षेत्र में रविवार दोपहर को तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तीन किसानों की मौत हो गई। दो किसान एक ही गांव के रहने वाले थे। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना के संबंध में ग्रामीणों से जानकारी ली।
जानकारी के मुताबिक शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के गांव नगला ऊमर निवासी किसान हेमराज (60) अपने खेत पर काम कर रहे थे। पड़ोस में गांव के ही रामपाल के खेत में रामसेवक (50) पशुओं के लिए चारा काट रहे थे। बारिश से बचने के लिए दोनों किसान खेत के पास खड़े नीम के पेड़ के नीचे आकर बैठ गए। तभी हेमराज खेत में रखी गईं सब्जियों को ढकने के लिए चल दिया। उसकी मदद को रामसेवक भी गया। जैसे ही दोनों खेत में पहुंचे, तभी बिजली गिरी, जिसमें दोनों किसान गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों किसानों को अचेतावस्था में अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी ओर गांव नगला चांट में अमर सिंह कुशवाह (60) खेत पर धान की पौध की रोपाई कर रहे थे। वह बारिश से बचने के लिए खेत के पास आम के पेड़ के नीचे आकर बैठ गए। तभी तेज आवाज के साथ बिजली पेड़ पर गिरी और वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उनको लेकर अस्पताल आए, जहां उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। बिजली गिरने से किसानों की मौत की जानकारी होते ही सीओ राजवीर सिंह और तहसीलदार अमित सिंह मौके पर पहुंचे। तहसीलदार अमित सिंह ने बताया कि मृत किसानों के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular