फिरोजाबाद(हि.स.)। थाना टूण्डला पुलिस व एसओजी टीम ने शुक्रवार की रात्रि अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी के वाहन, हजारों की नकदी आदि बरामद की है। पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर सभी को जेल भेजा है।
सीओ टूंडला अनिमेश कुमार ने बताया कि थाना प्रभारी टूंडला प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे तभी उन्होंने सूचना पर बड़ा चौराहे से कैंटर चोरी करने वाले अन्तर्राज्यीय गिरोह के चार शातिर अभियुक्तों आजाद पुत्र मुनीराम निवासी मुराहर थाना सिवालाकला जिला बिजनौर, मौलवी यादव पुत्र छदमी निवासी खिरनी थाना कैला देवी जिला सम्भल,सैगुल पुत्र जलील अहमद निवासी सैफ का सराय थाना कोतवाली जिला सम्भल व शावेस पुत्र मुन्ने निवासी करोला थाना कटघर जिला मुरादाबाद को चोरी की गयी कैन्टर, नकदी कुल 68000 हजार रुपये, 02 मोबाइल व अवैध असलहों व दूसरे चोरी किए गए कैंटर के सामान सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्तों से पूछताछ करने पर बताया कि वह अपने जनपद से दूर के जनपदों मे शाम को जाते थे तथा रात्रि में घूम-फिर कर सड़क किनारे खडे़ वाहनों को तलाश करते थे तथा जिस गाड़ी के केबिन में चालक नहीं सोया होता था, उस गाड़ी को सभी लोग मिलकर चोरी कर उसके इन्जन नम्बर चैचिस नम्बर व गाड़ी का हुलिया बदलकर उसको अन्य राज्य में बेच देते थे। अभियुक्तगण द्वारा थाना क्षेत्र टूण्डला व पचोखरा में चोरी की घटनाओं का इकबाल किया है।अभियुक्तगण शातिर किस्म के चोर हैं जो पूर्व में भी जेल जा चुके हैं।
कौशल
