प्रयागराज (हि.स.)। जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बनी एट कोटवा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई तथा रिकाॅर्डों का रख-रखाव ठीक न होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अमृत लाल से स्पष्टीकरण तलब किया। साथ ही, फार्मासिस्ट को प्रतिकूल प्रविष्टि का निर्देश दिया है।
जिलाधिकारी ने वहां पर स्टॉक रजिस्टर में कितनी दवाएं हैं तथा कौन-कौन सी दवाएं दी जा रही हैं, का रिकाॅर्ड सही न मिलने पर वहां के फार्मासिस्ट को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहां पर कितने डॉक्टर हैं की जानकारी मुख्य चिकित्साधिकारी से ली तथा कहा कि डॉक्टरों की दो शिफ्ट में ड्यूटी लगायी जाये तथा वहां उपस्थित मरीजों से इलाज और दी गयी दवाओं की जानकारी ली। इसके बाद चल रहे टीकाकरण का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि टीकाकरण में कोई भी लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी नानक सरन, जिला विकास अधिकारी ए.के मौर्या, बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण तिवारी सहित सभी संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
