आगरा (हि.स.)। आगरा के थाना सदर में फायर ब्रिगेड कर्मियों की सूझबूझ ने एक बड़े हादसे को टाल दिया। घर में चल रहे एक कार्यक्रम के दौरान गैस सिलिंडर में आग लगने से अफरा- तफरी मच गयी। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने गीली बोरी की सहायता से सिलिंडर की आग को बुझाया।
मामला आगरा के थाना सदर के नगला पदमा का है। यहाँ आज रविवार को गैस सिलिंडर के कारण एक बड़ा हादसा होने से बच गया। जानकारी के अनुसार नगला पदमा के एक घर में रहने वाले अजय सिंह के मकान में कन्याओं को खाना खिलाये जाने का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान किचेन में रखे गैस सिलिंडर में खाना बनाने के दौरान अचानक आग लग गयी। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपने काबू में ले लिया।
जैसे तैसे घर के लोग अपनी जान बचाकर घर से बाहर निकल आये। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने घर के अंदर घुसकर सिलिंडर को गीली बोरी की सहायता से पानी की नाली में डाल दिया। इसके पश्चात कर्मियों ने घर में लगी आग पर काबू पाया। घर में अचानक लगी आग में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। घर का सामान इस हादसे में जलकर राख हो गया।
श्रीकांत
