बांदा (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में सरकार द्वारा अन्ना गोवंशों को गौशाला में रखने का दावा किया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ सैकड़ों की तादाद में अन्ना घूम रहे गोवंश किसानों की फसल चर रहे हैं। जब इन गोवंशों से फसल को बचाने के लिए किसान एक ऊंट किराए पर लेकर आए तो हिंसक सांड ने ऊंट को भी मौत के घाट उतार दिया। ऊंट को बचाने आए एक किसान को भी लहूलुहान कर दिया। जिससे क्षेत्र के किसानों में दहशत व्याप्त है। यह घटना जिले के पैलानी थाना क्षेत्र के पिपरहरी गांव में शनिवार को हुई।
पिपरहरी गांव के किसान संजय सिंह चंदेल ने बताया कि गांव के लोग अपने खेतों की फसलों की रखवारी करने के लिए अमलोर गांव से किराए का ऊंट बुलवाया था। जिसे आक्रामक और हिंसक सांड ने आज उसे भी सींग घुसेड़ कर मौत के घाट उतार दिया। गांव के किसान बबलू द्विवेदी, राम अवतार कछवाह, बहादुर सिंह चंदेल, रमेश सिंह सहित कई किसानों ने जानकारी देते हुए बताया है कि अब यह जंगली जानवर किसानों के ऊपर भी हमला करने से नहीं चूकते हैं। आज इसी के चलते हिंसक सांड ने ऊंट को बचाने के चक्कर में नन्हे परिहार का हाथ भी फैक्चर कर दिया।
किसानों के समक्ष इस समय विषम परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। अब तक सैकड़ो बीघे किसानों की फसलों को गाय तथा सांड नष्ट भ्रष्ट कर चुके हैं। किसानों के सामने अब अपना परिवार चला पाना भी मुश्किल हो रहा है। दिन की नींद तथा रात का चैन किसानों काे फसल रखवाली में कटता है, फिर भी फसल नहीं बचा पा रहे हैं।
ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह हिंसक सांड पिछले चार दिनों से इस क्षेत्र में घूम रहा है। मजाल क्या है कि कोई किसान उसे अपने खेत से बाहर कर दे। ऐसी स्थिति में पिपरहरी गांव से किसानों के समक्ष अपनी फसलों के साथ-साथ अपनी जान बचाना भी एक बहुत बड़ी चुनौती है।
अनिल/बृजनंदन
