फर्रुखाबाद (हि.स.)। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र में सोमवार को सरे शाम युवक को गोलियों से भून कर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड से क्षेत्र में सनसनी दौड़ गई। भयभीत दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दी। बाजार में भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुट गई है।
थाना क्षेत्र के टाउन हाल के निकट कर्बला मार्ग पर काशीराम कॉलोनी तिराहे पर शाम करीब 06 बजे सड़क पर जा रहे युवक के ऊपर धुआंधार फायरिंग की गई। कई गोली लगने से युवक बीच सड़क पर औंधे मुंह जा गिर गया। जबरदस्त फायरिंग की घटना होते ही इलाके की दुकानें धड़ाधड़ बंद हो गई। और थोड़ी देर में ही सन्नाटा पसर गया। सूचना मिलने पर थाना मऊदरवाजा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा सीओ सिटी नितेश सिंह भी घटनास्थल पहुंचे।
पुलिस को मौके पर 315 बोर के 07 खोखे मिलें। आशंका व्यक्त की गई कि मरने वाला युवक मोहल्ला रकाबगंज खुर्द निवासी शिवा गिहार है। मौके पर पहुंचे सभासद आदेश गुप्ता ने भी युवक को देखकर बताया कि यह शिवा गिहार ही मालूम पड़ता है। फिलहाल पुलिस मृतक की सही शिनाख्त कराने के प्रयास में सक्रिय है। युवक की शिनाख्त होने के बाद ही उसकी हत्या के रहस्य से से पर्दा उठ सकेगा। पुलिस मौके पर जांच पड़ताल कर रही है। सीओ सिटी नितेश कुमार ने बताया कि पुलिस की जांच जारी है।
