Monday, February 16, 2026
Homeउत्तर प्रदेशफर्रुखाबाद :ट्रक ने ट्राली में मारी टक्कर एक की मौत, एक गम्भीर

फर्रुखाबाद :ट्रक ने ट्राली में मारी टक्कर एक की मौत, एक गम्भीर

फर्रुखाबाद (हि.स.)। थाना कायमगंज क्षेत्र में बुधवार को ट्रक ने खड़ी ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी। ट्राली पर बैठे एक किसान की मौके पर मौत हो गई।साथी गम्भीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए लोहिया अस्पताल भेजा गया, जहां पर हालत चिंताजनक है।

घटना का शिकार किसान अपनी मूंगफली बेचने जा रहे थे। घटना से गुस्साई भीड़ ने जाम लगा यातायात बाधित कर दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम सुनील कुमार यादव व सीओ राजवीर सिंह गौर ने मुआवजा दिलाने का भरोसा देकर जाम खुलवाया। घटना का शिकार सभी लोग पड़ोसी जिला एटा के रहने वाले हैं।

घटना क्रम के अनुसार पड़ोसी जिला एटा के थाना नयागांव के नगला सिमरा के रहने वाले सुमित (18)ट्रैक्टर ट्राली से मूंगफली बेचने जलालाबाद ज रहा था। जब यह लोग कायमगंज थाना क्षेत्र के गांव पपड़ी के पास पहुंचे तो चालक ट्रैक्टर साइड में खड़ा करके शौच करने चला गया। सुमित गर्मी की वजह से ट्रैक्टर के बोनट पर बैठ गया। गांव का ही जनक सिंह ट्राली में लेट गया। उसी समय तेज गति से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ट्राली दूर जा गिरी। ट्रैक्टर ट्रक के नीचे फंस गया। जिसके नीचे सुमित की दबकर मौत हो गई, जबकि जनक सिंह गम्भीर रूप से घायल हो गया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी मंगवाकर सुमित के शव को बाहर निकाला। पुलिस ने जनक सिंह को आनन-फानन समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज भिजवाया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गम्भीर देख कर लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। जहां उसकी हालत डॉक्टर चिंताजनक बता रहे हैं।

क्षेत्राधिकारी राजवीर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मृतक के घर भेज दी गई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular