Sunday, April 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशफर्रुखाबाद : जल भरने आये मध्य प्रदेश के दो कावरिये गंगा में...

फर्रुखाबाद : जल भरने आये मध्य प्रदेश के दो कावरिये गंगा में डूबे, मौत

फर्रुखाबाद (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के तीर्थ श्रंगी रामपुर में मध्य प्रदेश से जल भरने आए दो कांवरिया गंगा में डूब गए। जिससे उनकी मौत हो गई। मृतकों के घर वायरलेस से सूचना भेजी गई है। समाचार लिखे जाने तक उनका कोई परिजन यहां नहीं पहुंचा है। भोले भंडारी पर जल चढ़ाने के लिए मध्य प्रदेश के जिला भिंड के गांव हर बंश खोड से कांवरियों का जत्था श्रंगी रामपुर में गंगा जल भरने आया था। 
मंगलवार को दोपहर बाद यह जत्था गंगा स्नान करने लगा। उसी समय उत्तम (14) पुत्र अजय व जनक सिंह (25) पुत्र कल्याण गहरे पानी में चले गए और देखते-देखते वह डूब गए। कांवरियों के शोर-शराबा करने पर आसपास के लोग मौके पर आ गए। कमालगंज के प्रभारी निरीक्षक अजय नारायण सिंह व चौकी इंचार्ज जगदीश भाटी ने मौके पर पहुंचकर गोताखोर बुलवाएं गोताखोरों की भारी मेहनत के बाद दोनों कांवरियों को जब तक गंगा से बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो गई। उनके शव देख साथी कांवरिये गंगा तट पर बिलख पड़े। 
कमालगंज के कोतवाल अजय नारायण सिंह ने बताया कि मरने वाले कांवरियों के घर सूचना भेज दी गई है। अभी तक कोई व्यक्ति यहां नहीं पहुंचा है। फिलहाल दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बताते चलें कि शिवरात्रि पर भोले भंडारी पर जल चढ़ाने के लिए गंगा तट श्रंगी रामपुर में कांवरियों की भारी भीड़ होती है। यहां कांवरियों का हर साल मेला लगता है। इस बार गंगा में बेरी कटिंग न कराए जाने से गंगाजल भरने आए दो कांवरिये गंगाजल में समा गए और उनकी मौत हो गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular