– जान से मारने की नीयत से फायर भी किया
फर्रुखाबाद (हि.स.)। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने से पहले खून खराबा शुरू हो गया है। इसी कड़ी में कोतवाली कायमगंज क्षेत्र में चुनाव प्रचार करके अपने घर जा रहे जिला पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवार को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इस मामले में पीड़ित की ओर से शनिवार को तहरीर दी गई है।
जिला पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवार महेंद्र गुप्ता ने तहरीर देते हुए बताया कि वह शुक्रवार की देर रात को जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव प्रचार कर अपने घर कार से वापस जा रहे थे।उसी समय पत्थरों वाली मस्जिद के पास मसूद खां बैटरी वाले और उनके पुत्र अंबर का मिराज खां निवासी लाल बाग बिलाल खान निवासी पितोरा सहित दर्जन भर लोगों ने उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की। मसूर खां ने जान से मारने की नियत से उनके मुंह मे तमंचा घुसेड़ दिया। उनके पुत्र अंबर खान ने उनके ऊपर जान से मारने की नियत से फायर कर दिया। इन लोगों ने महेंद्र गुप्ता को मारपीट कर बेदम कर दिया। जब पत्थर वाली मस्जिद की तरफ से कोई गाड़ी आती दिखाई दी तो यह लोग छोड़कर भाग गए। उनका कहना है कि मारपीट में जिला पंचायत सदस्य वार्ड नम्बर एक के मिराज खां और उनका पुत्र भी शामिल था। श्री गुप्ता का कहना है कि उन पर चुनाव लड़ने की वजह से जानलेवा हमला किया गया, जिससे उन पर गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें एक आंख से दिखाई भी नहीं दे रहा है।
उन्होंने अपना चिकित्सीय परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज कराया है, चिकित्सकों ने उनकी हालत को गंभीर देख कर लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। जिला पंचायत सदस्य के पर हुए हमले को लेकर स्थानीय पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
