-विपक्ष के लोगों को चिन्हित कर लादे जा रहे मुकदमे
-सदस्यता अभियान के बाद सपा सरकार के खिलाफ खड़ी दिखाई देगी
-सैफई के वाइंस चांसल को हटाया जाय
आजमगढ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव हत्या के प्रयास, जहरीली शराब कांड सहित अन्य मामले में जेल में निरूद्व सपा विधायक रमाकांत यादव से मिलने के लिए सोमवार को जिला कारागार पहुंचे। जेल में रमाकांत यादव से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला।
उन्होने कहा कि भाजपा जानबूझकर समाजवादी पार्टी व विपक्ष के लोगों के उपर मुकदमे लादे जा रहे है। फर्जी मुकदमें लादकर भाजपा वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी अभी से कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि सदस्यता अभियान समाप्त होने के बाद समाजवादी पार्टी सरकार के खिलाफ खड़ी दिखाई देगी।
सोमवार को जिला कारागार में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहुंचे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव करीब 35 मिनट तक जेल में बंद फुलपुर पवई से विधायक रमाकांत यादव से मुलाकात किये। मुलाकात के बाद जेल से बाहर निकले अखिलेश यादव ने कहा कि 20 वर्ष पुराने मामले में सरकार के इशारे पर विधायक रमाकांत यादव को जेल में बंद किया गया, लगातार उनके उपर झूठे मुकदमे लादे जा रहे हैं और सरकार चाहती है कि वह जेल में रहे। पता नहीं भाजपा वर्ष 2024 की तैयारी अभी से कर रही है। ये विपक्ष के लोगों पर झूठे मुकदमे लगाना, उनके उपर प्रशासन से गलत कार्रवाई करवा कर वर्ष 2024 की तैयारी कर रहे हैं, क्योकि जो मुद्दा है महंगाई, बेरोजगारी का जबाव नहीं देना चाहते। जानबूझकर जनता का ध्यान भटकाने व विपक्ष के नेता आवाज न उठा सके इसके लिए ये लोग चिन्हित कर, झूठे मुकदमे लगाकर उन्हे जेल भेज रहे हैं।
आजमगढ व रामपुर ही नहीं पूरे प्रदेश में विपक्ष के नेताओं पर मुकदमे लादे जा रहे हैं। प्रदेश में किसी पर भी मुकदमा लग सकता है। अखिलेश यादव ने कहा कि न्यूयार्क टाइम्स लिख रहा है कि दिल्ली के स्कूलो में शिक्षा व्यवस्था अच्छी हुई है लेकिन इसे भाजपा स्वीकार नही कर पा रही है मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि 1 लाख 13 हजार नौजवानों ने अग्निवीरों के लिए आवेदन किया है, सरकार बताये कितने नौजवानों को नौकरी मिलेगी । अखिलेश यादव ने दावा किया कि एक लाख 13 हजार में से एक लाख दस हजार नौजवान घर वापस लौट के आयेगें।
आजमगढ लोकसभा उपचुनाव में न आने के सवाल अखिलेश यादव ने कहा कि इसकी समीक्षा हो गई है। लेकिन यहां की जनता पर उनको भरोसा है कि वर्ष 2024 में सूद सहित इस सीट को वापस लिया जायेगा।
ओपी राजभर सहित अन्य नेताओं द्वारा सपा के बारे में बोलने के सवाल अखिलेश यादव ने कहा कि कोई क्या बोल रहा है इस पर हमें कुछ भी नहंी कहना है। लेकिन समाजवादी पार्टी का सदस्यता अभियान समाप्त होने के बाद पार्टी बड़ा फैसला लेकर सरकार के खिलाफ खड़ी दिखाई देगी।
सरकार द्वारा ओबीसी की जनगणना न कराने के सवाल पर कहा कि सरकार ओबीसी और बहुजन समाज की चिंता नहीं है। बहुजन समाज की चिंता होती तो आउट सोर्स क्यो किया जाता, फौज का प्राइवेटाइज नहीं होता।
सैफई मेडिकल कालेज में दिव्यांग छात्र की मौत पर सपा मुखिया ने कहा कि अगर कोई जिम्मेदार है तो सबसे पहले वहां के कुलपति को हटाया जाना चाहिए। उन्होने सवाल किया कि क्या वाइस चांसलर या सरकार ही उसकी जांच करेगी। उन्होने कहा कि बिना कुलपति के हटाये निष्पक्ष जांच नहीं हो सकती।
राजीव
