Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशफर्जी कागजातों के आधार पर वाहन फाइनेंस करने वाले गिरोह के चार...

फर्जी कागजातों के आधार पर वाहन फाइनेंस करने वाले गिरोह के चार लोग गिरफ्तार

गाजियाबाद(हि.स.)। साहिबाबाद पुलिस ने बुधवार को फर्जी कागजात के आधार पर वाहन फाइनेंस करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि इन्हें एक छात्रा की शिकायत के बाद गिरफ्तार किया गया है। गिरोह का सरगना इस छात्रा को बहला-फुसलाकर उस समय होटल ले गया था जब वह ट्यूशन जाते वक्त रास्ता भटक गई थी। होटल ले जाकर इसने छात्रा के साथ बदतमीजी की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

सहायक पुलिस आयुक्त पूनम मिश्रा ने बताया कि दिल्ली सीमापुरी निवासी एक छात्रा ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मंगलवार को वह ट्यूशन पढ़ने जा रही थी लेकिन रास्ता भूल गई। उसके बाद उसे एक युवक मिला जिसने उसे अपना नाम राहुल देव बताया। राहुल देव ने कहा कि उसे उसके घर पहुंचा देगा और अपने वाहन पर बैठाकर इधर-उधर घुमाता रहा। बाद में उसे होटल ले गया और वहां उसके साथ बदतमीजी करने लगा। तभी उसने शोर मचा दिया। उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में पता चला कि उसका असली नाम दानिश है।

पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि वह फर्जी कागजों के आधार पर अपने साथियों के साथ मिलकर फाइनेंस कराता है। फर्जी कागजातों के आधार पर वह बैंक में फर्जी खाता खोल देता है और उसके बाद फाइनेंस करा कर रुपये हड़प लेता था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया है। इनके नाम अमित शर्मा, नाजिम और विकास है। उनके कब्जे से फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल फोन, छह वाहन, एक सिंगर स्कैनिंग डिवाइस और एक आई स्कैनिंग डिवाइस बरामद किए गए हैं।

फरमान अली

RELATED ARTICLES

Most Popular