गाजियाबाद(हि.स.)। लोनी पुलिस ने बुधवार को एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो फर्जी आधार कार्ड बनाकर लोगों के साथ ठगी कर रहा था। पुलिस ने इस गिरोह के चार लोगों को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से फर्जी बने हुए 83 आधार कार्ड,01 लैपटॉप, 01 प्रिंटर, 01 आई स्कैनर, 01 फिंगरप्रिंट स्कैनर, 01 वेव कैमरा, 05 मोबाइल बरामद किये हैं।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. इरज राजा ने बताया कि यह गिरोह पिछले काफी समय से इस इलाके में सक्रिय था। गिरोह के सदस्य ऐसे लोगों की तलाश में रहते थे, जो आधार कार्ड बनाने के लिए लंबी लाइन में लगना पसंद नहीं करते हैं। यह उनसे पांच सौ से एक हजार रुपये तक की रकम वसूलते थे।
गिरफ्तार लोगों में आमिर उर्फ सोनू निवासी खन्ना नगर लोनी, उसका भाई इमरान, रवि उर्फ रौनी निवासी पूजा कॉलोनी थाना ट्रोनिका सिटी और देवेंद्र उर्फ राहुल निवासी थाना ट्रॉनिका सिटी समेत कुल चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा की गिरोह की विस्तृत जानकारी की जा रही है।
फरमान अली
