Monday, April 6, 2026
Homeउत्तर प्रदेशफरेंदा सीट : भाजपा की जीत का सबसे कम 1.2 प्रतिशत रहा...

फरेंदा सीट : भाजपा की जीत का सबसे कम 1.2 प्रतिशत रहा अंतर, अब चुनौती

– वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में हुए मतदान के बाद भाजपा को मिली जीत का विश्लेषण

– महराजगंज का फरेंदा विधानसभा सीट

गोरखपुर (हि.स.)। गोरखपुर मंडल के महराजगंज जिले की फरेंदा सीट को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सबसे कम अंतर से जीता था। यह वह वक्त था, जब पूरे प्रदेश में मोदी लहर चल रही थी। यहां जीत का अंतर केवल 1.2 प्रतिशत का रहा।

इसकी गंभीरता का अंदाजा केवल इस बात से लगाया जा सकता है कि महाराजगंज की 05 सीटों में से 04 पर भाजपा ने कब्जा जमा लिया था, जबकि एक सीट पर निर्दल उम्मीदवार ने विजयश्री का स्वाद चखा। अब हालत जुदा हैं। वर्ष 2017 विधानसभा चुनाव के मुकाबले मोदी मैजिक का असर थोड़ा कम जरूर है, लेकिन भरपाई अब ‘योगी लहर’ के रूप में देखने को मिल रही है।

वर्ष 2017 में महराजगंज की सिसवा, महाराजगंज और पनियरा सीट पर भाजपा के उम्मीदवारों ने करीब 28 प्रतिशत तक की बड़ी मार्जिन से अपने प्रतिद्वंद्वियों पर विजय हासिल की थी। अब देखना यह होगा कि क्या योगी मैजिक कोई असर डालेगा अथवा नहीं।

इधर, वर्ष 2017 में नौतनवां में निर्दल उम्मीदवार ने मोदी लहर के बावजूद 15.3 फीसद की मार्जिन से जीत हासिल की थी। अब देखना यह है कि क्या यहां भाजपा प्रत्याशी इस चुनाव में जीत हासिल करेगा अथवा कोई और दल बाजी मारेगा। भाजपा के लिए सबसे कठिन सीट फरेंदा की रही थी। यहां के भाजपा प्रत्याशी को सबसे कम मार्जिन से जीत हासिल हुई थी। केवज 1.2 प्रतिशत मतों के अंतर से मिली जीत को बरकरार रखना भाजपा के लिए चुनौती है। यहां का पलड़ा किस ओर लुढ़केगा, अभी यह भविष्य के गर्त में है। फिलहाल भाजपा समेत सभी प्रमुख पार्टियों के संभावित प्रत्याशी और कार्यकर्ता अपने नेता को जिताने का दावा कर रहे हैं।

आमोद

RELATED ARTICLES

Most Popular