– पांच दिवसीय दशहरा महोत्सव की तैयारी जोरों पर
फतेहपुर (हि.स.)। जिले में आगामी 15 अक्टूबर को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के हाथों अहंकारी रावण मारा जाएगा और असत्य पर सत्य की जीत होगी। दशहरा महोत्सव की तैयारी को लेकर लगातार कार्य चल रहा है विशाल पंडाल को सजाया जा रहा है। इस ऐतिहासिक मेले में हर साल राम रावण युद्ध को देखने के लिए क्षेत्र सहित आसपास के जिले से लोग आते हैं।
बिन्दकी नगर के रामलीला मैदान में 13 अक्टूबर से गणेश पूजन के साथ दशहरा महोत्सव का शुभारंभ हो जाएगा। वह 14 अक्टूबर को मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के दल की निकाशी होगी जो नगर के प्रमुख मार्गों में घूमेगी। 15 अक्टूबर को मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम दल तथा अहंकारी रावण के बीच रोमांचक युद्ध होगा। अंत में मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के हाथों अहंकारी रावण का वध किया जाएगा। 16 अक्टूबर को रामलीला होगी, 17 अक्टूबर को भरत मिलाप होगा। इन सब कार्यक्रमों को लेकर मेला कमेटी द्वारा लगातार तैयारी की जा रही है।
श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता उर्फ बाबा ने बताया कि बिन्दकी कस्बे का यह ऐतिहासिक मेला प्राचीन काल से लगातार होता आ रहा है। जिसे देखने वालों की भीड़ देखते ही बनती है। मेले की तैयारियां लगातार की जा रही है।
