फतेहपुर (हि.स.)। जिले में मंगलवार को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन के छठवें दिन सपा के 05 व बसपा के 02 प्रत्याशियों सहित 09 प्रत्याशियों ने अपने अपने पर्चे भरे।
आज कलक्ट्रेट परिसर में विशम्भर प्रसाद निषाद सपा विधानसभा अयाह शाह, मदन गोपाल वर्मा सपा विधानसभा जहानाबाद, चंद्रप्रकाश लोधी सपा विधानसभा फतेहपुर सदर, रामेश्वर दयाल गुप्ता सपा बिन्दकी विधानसभा व बसपा प्रत्याशी के रूप में बिन्दकी विधानसभा से सुशील कुमार पटेल, खागा विधानसभा से दशरथ लाल सरोज और निर्दल प्रत्याशी के रूप में सदर विधानसभा अलीम अख्तर, विधानसभा बिन्दकी से शिवबली सिंह सहित 09 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया।
नामांकन के बाद राज्य सभा सदस्य व अयाह शाह विधानसभा के सपा प्रत्याशी विशम्भर निषाद ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा का जो बजट चुनाव के समय आया है ,वह चुनावी घुनघुना है। यह झूठ का पुलिंदा है जो 2014 में उन्होंने कहा था कि 15 लाख देंगे। बुलेट ट्रेन चलाएंगे, वह कहां चली। स्मार्ट सिटी बनाएंगे, वह कहां बनी। महंगाई को खत्म करेंगे और अच्छे दिन लाएंगे। अब लोग कहते हैं पुराने दिन ला दो। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उपभोक्ताओं को 300 यूनिट बिजली फ्री करेंगे। कर्मचारियों का पुरानी पेंशन बहाल करेंगे। शिक्षा मित्र बहाल करेंगे। सामान कार्य सामान वेतन की व्यवस्था लागू करेंगे। नौजवानों को रोजगार देने का काम करेंगे।
राज्य सभा सांसद ने कहा कि यह चुनावी बजट है, इससे कुछ नहीं होने वाला है। बीजेपी के लोगों ने जिस दिन अधिसूचना लगनी थी, उससे पहले तमाम पत्थर गाड़ दिए। लोगों ने वहां अपशब्द कहे और भगा दिए। यह लोग पांच साल कुछ नहीं किये जब इनका जहाज डूब रहा है तो अब कह रहे हैं। भाजपा जनता का विकास किया जायेगा।
देवेन्द्र
